दुनिया में कई समुदाय ऐसे भी हैं, जहां यह ‘पांचाली’ प्रथा आज भी निभाई जाती है. इन समुदायों में एक लड़की घर में मौजूद सभी भाइयों से नकेवल शादी करती है, बल्कि सभी की पत्नी की तरह अपनी गृहस्थी चलाती है. आइए आज आपको बताते हैं नेपाल के न्यिनबा समुदाय के बारे में जहां आज भी यह प्रभा हमेशा की तरह चल रही है

Satya Report: (एआई इमेज)
महाभारत में द्रौपदी को परिस्थितिवश पांचों पांडवों से शादी करनी पड़ी थी. आपको जानकार हैरानी होगी कि यह प्रथा दुनिया के कई हिस्सों में आज भी बदस्तूर जारी है. दुनिया में कई ऐसे समुदाय हैं, जहां पर सभी भाइयों की शादी एक ही लड़की से की जाती है. शादी के बाद यह लड़की सभी भाइयों की पत्नी की तरह रहती है और उन सभी से उसके बच्चे भी होते हैं. जी हां, उत्तर-पश्चिमी हिमालयी इलाके में ऐसा ही समुदाय रहता है, जिसमें ‘भ्रातृ बहुपतित्व’ के नाम से आज भी ‘पांचाली’ प्रथा जिंदा है. इस समुदाय को नेपाल में ‘न्यिनबा’ के नाम से पहचाना जाता है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यिनबा नामक यह समुदाय नेपाल के हुमला जिले के दूरदराज इलाकों में रहते है. इस समुदाय का जिन चार गांवों में प्रभुत्व है, उसमें बरगांव, निमतांग, तोरपा और बुराउसे गांव शामिल है. न्यिनबा समुदाय के इन चारों गांव में रहने वाले लोगों को ‘न्यिन युल त्शान जी’ कहा जाता है. ‘न्यिन युल त्शान जी’ का मतलब है धूप वाली ढलान पर बसे चार गांव. ये चारों गांव समुद्र तल से करीब 2,550 से 3,300 मीटर की ऊंचाई पर बसे हैं. इसके अलावा, इन गावों को करनाली व दोजाम नदियों ने घेर रखा है. कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के चलते यहां पर जीवन बेहद चुनौतीपूर्ण है.



