Satya Report: राजस्थान में टोंक-देवली नेशनल हाईवे 52 पर एक गजब का देखने को मिला. ट्रक और टैंकर की टक्कर के बाद हाईवे का पूरा नजारा ही बदल गया. टैंकर में सरसों का तेल भरा था. हादसे के बाद उसमें छेद हो गया और लोग तेल लूटते नजर आए. जिसे जो बर्तन मिला, उसमें तेल भरकर भागते दिखाई दिया. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग सरसों का तेल लूटते दिखाई दे रहे हैं.

जानकारी के अनुसार यह घटना टोंक जिले में दाखिया गांव के पास हुई, जहां सरसों के तेल से भरे टैंकर को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने साइड से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंकर की साइड में बड़ा छेद हो गया. देखते ही देखते टैंकर से तेल की तेज धारा बहने लगी और सड़क पर फैल बहने लगा.
मच गई तेल की लूट
हादसे के बाद सरसों के तेल से भरे टैंकर में छेद हो गया और हजारों लीटर तेल बहने लगा. तेल बहता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जिसके हाथ जो बर्तन लगा, उसी में तेल भरकर ले जाने लगा. सूचना पर भारी संख्या में ग्रामीण हाईवे पर पहुंच गए.
लोग बाल्टी, डिब्बे, बोतल और यहां तक कि छोटे-छोटे बर्तनों में भी तेल भरते नजर आए. कुछ लोग सड़क किनारे बने गड्ढों में जमा तेल को भी इकट्ठा करते दिखे. यह सिलसिला तब तक चलता रहा जब तक टैंकर का अधिकांश तेल बाहर नहीं निकल गया. इस दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई और भारी ट्रैफिक हो गया.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मेहंदवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन तब तक काफी मात्रा में तेल बह चुका था और लोग बड़ी मात्रा में तेल लेकर जा चुके थे. पुलिस ने टैंकर के पास से लोगों को हटाया और यातायात व्यवस्था बहाल की.
टैंकर चालक के अनुसार, वह कोटा से सरसों का तेल लेकर जा रहा था, तभी दाखिया गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में टैंकर को बड़ा नुकसान हुआ और करीब 8 से 10 टन तेल सड़क पर बह गया, जिसे ग्रामीण अपने साथ ले गए. .
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी है.
(रिपोर्ट – राकेश सैनी/ टोंक)



