Satya Report: आज के समय में करोड़पति बनने के लिए बड़ी आय जरूरी नहीं रही. सही रणनीति और अनुशासन के साथ छोटी-छोटी बचत भी बड़ा फंड बना सकती है. 15-15-15 SIP फॉर्मूला इसी सोच पर आधारित है, जो लंबे समय में निवेशकों को 1 करोड़ रुपये तक पहुंचने का एक संभावित रास्ता दिखाता है.

म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के बीच 15-15-15 SIP नियम तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. यह एक सरल लेकिन प्रभावी फॉर्मूला है, जो निवेशकों को यह समझाने में मदद करता है कि नियमित निवेश और समय की ताकत से कैसे बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है.
क्या है फॉर्मूले का मतलब?
इस नियम के तीन मुख्य आधार हैं. हर महीने 15,000 रुपये का निवेश, 15 साल की अवधि और औसतन 15% वार्षिक रिटर्न. इस गणना के अनुसार, यदि कोई निवेशक बिना रुके 15 वर्षों तक लगातार SIP करता है, तो वह लगभग 1 करोड़ रुपये का कोष तैयार कर सकता है. यही वजह है कि यह फॉर्मूला खासतौर पर नए निवेशकों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
हालांकि, इस फॉर्मूले को पूरी तरह सच मान लेना सही नहीं होगा. सबसे अहम बात यह समझनी जरूरी है कि इक्विटी म्यूचुअल फंड का रिटर्न बाजार पर निर्भर करता है, जो हमेशा स्थिर नहीं रहता. 15% रिटर्न एक अनुमान है, गारंटी नहीं. कई बार बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण वास्तविक रिटर्न इससे कम या ज्यादा भी हो सकता है. अगर 15 फीसदी रिटर्न 15 सालों तक मिलता है तो आप 15 हजार रुपये के हिसाब से कुल 27 लाख रुपये का निवेश करेंगे, जिस पर कंपाउंडिंग के तहत करीब-करीब 75 लाख रुपये का रिटर्न मिलेगा. इस प्रकार अगर दोनों को मिला दें तो कुल फंड आराम से 1 करोड़ रुपये ज्यादा का हो जाएगा.
इन बातों का रखें ध्यान
इस रणनीति की सफलता पूरी तरह अनुशासन और धैर्य पर निर्भर करती है. सबसे पहले, निवेश की शुरुआत जितनी जल्दी की जाए, उतना बेहतर होता है. समय के साथ कंपाउंडिंग का प्रभाव बढ़ता है और निवेश तेजी से बढ़ता है. .
दूसरा महत्वपूर्ण पहलू है निरंतरता. SIP को बीच में रोकना या अनियमित करना आपके लक्ष्य को प्रभावित कर सकता है. वहीं, बाजार में गिरावट के दौरान निवेश जारी रखना फायदेमंद साबित हो सकता है, क्योंकि इस समय कम कीमत पर ज्यादा यूनिट्स मिलती हैं.



