Satya Report: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरी के शक में एक युवक को अमानवीय तरीके से सजा दी गई. ग्रामीणों ने युवक का आधा सिर मुंडवा कर गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसे अर्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाया और उसके साथ मारपीट की. घटना जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के पस्ता गांव की है.

जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर निवासी 32 वर्षीय मोहम्मद रहमान ताज पर गांव में सोलर पैनल सिस्टम के तार चोरी करने का आरोप लगाया गया था. इसी शक के आधार पर गांव के सरपंच पति और अन्य ग्रामीणों ने उसे पंचायत में बुलाया था. वह अपनी पत्नी के साथ पंचायत में समझौते के लिए पहुंंचा था. इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. आरोप है कि पहले युवक से साथ मारपीट की गई और फिर आधा सिर मुंडवा कर जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसे अर्धनग्न कर गांव में घुमाया गया. .
पत्नी को दी रेप की घमकी
पीड़ित युवक की पत्नी ने बताया कि इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ भी बदसलूकी की. पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई और दुष्कर्म कर जान से मारने की धमकी दी गई. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
घटना के बाद युवक के पिता ने रामानुजनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उनका कहना है कि उनके बेटे को झूठे आरोपों के आधार पर सजा दी गई, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
वहीं सरपंच पति का कहना है कि ग्रामीणों में गुस्सा था, जिसके चलते यह घटना हुई. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.



