Satya Report: चूरू के सादुलपुर इलाके में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां गांव थिरपाली छोटी और थिरपाली बड़ी के बीच गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में तीन जनों की जिंदा जलने से मौत हो गई. हमीरवास थानाधिकारी राय सिंह सुथार ने बताया कि बोलेरो जीप और डंपर की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया.

सूचना पर हमीरवास थाना सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिछपाल सिंह तथा आईपीएस अधिकारी अभिजीत पाटिल मौके पर पहुंचे और दमकल को सूचना देकर मौके पर बुलवाया तथा आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया. .
थाना अधिकारी राय सिंह सुथार ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.
पुलिस ने बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. वहीं दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद धू-धू कर जल रही गाड़ियों में लगी आग पर काबू पाया. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
इस भीषण हादसे में पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने में जुटी है. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बोलेरो चूरू नंबर की है तथा सिधमुख के आसपास क्षेत्र से लोग बोलेरो में सवार होकर पिलानी बारात में गए थे.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान के बाद ही वास्तविक स्थिति का खुलासा हो पाएगा. फिलहाल पुलिस राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ घायलों का उपचार करवाने, घटना की जांच करने और मृतकों की पहचान में जुटी हुई है.



