Satya Report: आईपीएल के जारी सीजन के बीच दिल्ली कैपिटल्स फैंस के लिए राहत वाली बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क जारी आईपीएल सीजन के बीच दिल्ली कैपिटल्स के कैंप में शामिल हो गए हैं। दरअसल वह चोट की वजह से अब तक इस आईपीएल सीजन में नहीं खेल पाए थे। लेकिन स्टार्क अब चोट से उबर चुके हैं लेकिन इस वक्त सबसे बड़ा सवाल ये है कि वह किस मैच से दिल्ली कैपिटल्स के लिए उपलब्ध होंगे।

क्या पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेंगे मिचेल स्टार्क?
फैंस के मन में इस वक्त सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या स्टार्क आज पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेंगे? तो आपको बता दें कि वह शायद इस मैच में खेलते हुए नहीं दिखेंगे। टीम मैनेजमेंट उन्हें जल्दबाजी में उतारने के मूड में नहीं है। करीब तीन महीने के ब्रेक के बाद वह पहले ट्रेनिंग और मैच फिटनेस को हासिल करने पर ध्यान देंगे। सूत्रों के मुताबिक, स्टार्क 1 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से आईपीएल 2026 में अपना पहला मुकाबला खेल सकते हैं। अगर सब कुछ सही रहा, तो वह लीग स्टेज के बाकी मैचों और प्लेऑफ में टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे।
कंधे और कोहनी की चोट से परेशान थे मिचेल स्टार्क
मिचेल स्टार्क आईपीएल 2026 की शुरुआत से ही कंधे और कोहनी की चोट की समस्या से परेशान थे। उनकी कोहनी की चोट की दिक्कत एशेज सीरीज के दौरान वर्कलोड के कारण बढ़ी। उस सीरीज में उन्होंने 150 से ज्यादा ओवर गेंदबाजी की। इसके बाद जनवरी के अंत में बिग बैश लीग में कैच पकड़ने की कोशिश में गिरने से उनकी चोट और गंभीर हो गई। जिस वजह से उन्हें वहां भी कुछ मैचों से बाहर होना पड़ा। फरवरी में जब उन्होंने गेंदबाजी की कोशिश की, वहां भी वो दर्द में नजर आए। जिसके बाद उन्हें सिडनी में लंबा रिहैब करना पड़ा। आखिरकार 23 अप्रैल 2026 को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें फिट घोषित किया, जिसके बाद वह दिल्ली कैपिटल्स के कैंप में शामिल हो गए। उनकी गैरमौजूदगी में दिल्ली की पेस अटैक की जिम्मेदारी मुकेश कुमार, टी नटराजन और लुंगी एनगिडी ने संभाली। इन सबमें एनगिडी ने इस सीजन दिल्ली के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है।
IPL 2025 में मिचेल स्टार्क ने शानदार प्रदर्शन किया था
अगर पिछले सीजन की बात करें, तो स्टार्क ने आईपीएल 2025 में दिल्ली के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। आईपीएल 2025 में उन्होंने 11 मैचों में 14 विकेट हासिल किए थे। पिछले सीजन उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ विशाखापट्टनम में 5/35 का बेहतरीन स्पेल डाला था। वह दिल्ली कैपिटल्स के इतिहास में पांच विकेट लेने वाले पहले विदेशी तेज गेंदबाज बने थे। पिछले सीजन भी वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए अंत तक उपलब्ध नहीं थे और WTC की तैयारियों की वजह से उन्हें कुछ मैच मिस करना पड़ा था।
यह भी पढ़ें



