Satya Report: साल 2011 में आई फिल्म ‘7 खून माफ’ उस समय काफी चर्चा में रही थी। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा की एक्टिंग को खूब सराहा गया था, लेकिन रिलीज से पहले एक विवाद ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उस वक्त अन्नू कपूर ने कहा था कि प्रियंका उन्हें किस करने में हिचकिचा रही थीं, क्योंकि वह कोई हीरो या हैंडसम स्टार नहीं थे।

अब करीब 15 साल बाद अन्नू कपूर ने इस मामले पर फिर से बात की है और बताया कि आखिर उन्होंने ऐसा बयान क्यों दिया था। सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में अन्नू कपूर ने उस बयान पर खुलकर बात की।
अन्नू कपूर ने कहा, “सच क्या था, ये मैं भी नहीं जानता। शायद दिक्कत मेरे लुक्स से ज्यादा इस बात की थी कि मैं हीरो नहीं था। उस समय पत्रकार बारबार मुझसे यही सवाल पूछ रहे थे कि क्या प्रियंका ने मुझे किस करने से मना किया था। बारबार वही सवाल सुनकर मैं चिढ़ गया और कह दिया कि शायद मैं स्टार होता तो वो कर लेतीं।”
उन्होंने आगे बताया, “मुझे इससे कभी कोई फर्क नहीं पड़ा। विशाल भारद्वाज ने मुझसे कहा था कि प्रियंका इस सीन को लेकर थोड़ी हिचकिचा रही हैं। मैं उन्हें बेटा कहकर बुलाता था, क्योंकि सेट पर उनके पिता से मेरी अच्छी दोस्ती हो गई थी। जब मुझे बताया गया कि वो सहज महसूस नहीं कर रही हैं, तो मैंने कहा कि ये समझने वाली बात है। मैंने तो सीन हटाने तक की सलाह दी थी, लेकिन विशाल ने मना कर दिया।”
अन्नू कपूर ने कहा कि आखिर में दोनों कलाकारों ने पूरी प्रोफेशनल तरीके से सीन शूट किया। बता दें कि ‘7 खून माफ’ में अन्नू कपूर ने प्रियंका चोपड़ा के एक पति का रोल निभाया था। यह फिल्म रस्किन बॉन्ड की कहानी Susanna’s Seven Husbands पर आधारित थी। फिल्म में इरफान खान, नसीरुद्दीन शाह, जॉन अब्राहम, नील नितिन मुकेश और अलेक्जेंडर डायाचेंको भी नजर आए थे।
प्रियंका ने जताई थी नाराजगी
अन्नू कपूर के बयान पर उस समय प्रियंका चोपड़ा ने खुलकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था, “अगर उन्हें ऐसे सीन करने हैं और इस तरह की सस्ती बातें करनी हैं, तो उन्हें वैसी फिल्मों में काम करना चाहिए। हमारी फिल्म में ऐसे सीन थे ही नहीं। मैं बहुत नाराज हूं। उन्हें ऐसा कहना शोभा नहीं देता।” प्रियंका ने यह भी कहा था कि अन्नू कपूर की बातों से उन्हें दुख पहुंचा था और ऐसा बयान देना गलत था।



