Satya Report: भारत एक बार फिर ऐसे दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां सरकारी वेतन में बढ़ोतरी सिर्फ कर्मचारियों की आमदनी नहीं बढ़ाती, बल्कि पूरी अर्थव्यवस्था में मांग का नया चक्र शुरू करती है. 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत अनुमानित 3.7 से 3.9 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आने वाले समय में सीधे लाखों परिवारों की जेब में पहुंचेगा. यह रकम 7वें वेतन आयोग के मुकाबले कई गुना अधिक है, लेकिन इसे केवल राजकोषीय बोझ के रूप में देखना सही नहीं होगा, क्योंकि असली असर उस खपत में दिखाई देगा जो इस बढ़ी हुई आय के साथ पैदा होगी.

दरअसल, भारत में हर वेतन आयोग ने खर्च के पैटर्न को बदला है. 1997 में 5वें वेतन आयोग के बाद दोपहिया वाहनों की बिक्री में उछाल आया था, 2008 में 6वें वेतन आयोग ने ऑटो और रियल एस्टेट सेक्टर को गति दी, जबकि 2016 के 7वें वेतन आयोग के दौरान निवेश की संस्कृति मजबूत हुई और SIP जैसे साधनों में भागीदारी बढ़ी. अब 8वें वेतन आयोग के साथ यह प्रभाव और व्यापक होने जा रहा है, क्योंकि इसका असर सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों तक भी गहराई से पहुंचेगा.
ये फैक्टर्स भी देंगे मजबूती
इस बार स्थिति इसलिए भी अलग है क्योंकि वेतन आयोग के साथसाथ अन्य आर्थिक ताकतें भी काम कर रही हैं, जिनमें मजदूरी में सुधार और सामाजिक सुरक्षा के दायरे का विस्तार शामिल है. इसका मतलब है कि खपत में होने वाला उछाल केवल सरकारी कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका लाभ व्यापक आबादी तक पहुंचेगा. जब अधिक लोगों के हाथ में ज्यादा पैसा आता है, तो वे न केवल अपनी जरूरी जरूरतों को पूरा करते हैं, बल्कि बड़े खर्च जैसे घर खरीदना, वाहन लेना या निवेश करना भी शुरू करते हैं, जिससे अर्थव्यवस्था में मांग और तेज होती है.
जमीन पर इसका असर साफ दिखाई देता है. कहीं कोई परिवार अपनी पुरानी कार को अपग्रेड करने की सोच रहा है, तो कहीं कोई कर्मचारी सालों से टाले गए घर खरीदने के फैसले को अमल में ला रहा है. वहीं, कुछ लोग अपनी बचत और निवेश को बढ़ा रहे हैं, जिससे वित्तीय बाजारों में भी गतिविधि बढ़ती है. यही छोटेछोटे फैसले मिलकर बड़े आर्थिक ट्रेंड बनाते हैं और आने वाले वर्षों में ग्रोथ का आधार तैयार करते हैं.



