Satya Report: UP Pratapgarh News: यूपी के प्रतापगढ़ जिले के लोगों के लिए खुशखबरी है. प्रतापगढ़ से मुंबई के लिए सीधी ट्रेन शुरू हो रही है, जिससे मुंबई जाने वाले यात्रियों को बहुत राहत मिलेगी. 28 अप्रैल से अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू होने जा रहा है, जो अयोध्या से मुंबई तक चलेगी और प्रतापगढ़ जंक्शन पर भी इसका ठहराव होगा. इस नई सेवा से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को मुंबई तक सीधी और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा.

इस अवसर पर प्रतापगढ़ जंक्शन पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सांसद शिवपाल सिंह पटेल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक सहित रेलवे के कई अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. यह ट्रेन प्रतापगढ़ जंक्शन से शाम 6 बजकर 20 मिनट पर गुजरेगी, जिससे यात्रियों को समय के लिहाज से भी काफी सुविधा होगी.
अयोध्या से शुरू होगा संचालन
अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ अयोध्या धाम जंक्शन से 28 अप्रैल को शाम 4 बजकर 45 मिनट पर किया जाएगा. इसके बाद यह ट्रेन कई प्रमुख स्टेशनों से होते हुए मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक पहुंचेगी. इस नई ट्रेन सेवा को यात्रियों की बढ़ती मांग और बेहतर कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए शुरू किया जा रहा है. इस नई ट्रेन का संचालन सप्ताह में एक ही दिन किया जाएगा.
ये होगा फायदा?
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस ट्रेन के शुरू होने से खास तौर पर उन लोगों को फायदा होगा जो रोजगार, शिक्षा या अन्य कारणों से मुंबई आतेजाते हैं. अब उन्हें लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर और सीधा विकल्प मिल सकेगा. साथ ही, यह ट्रेन क्षेत्रीय विकास और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने में मददगार साबित होगी.
स्थानीय लोगों में इस नई ट्रेन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. लोगों का मानना है कि इससे न सिर्फ यात्रा आसान होगी, बल्कि समय और खर्च दोनों की बचत भी होगी. अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन प्रतापगढ़ और आसपास के इलाकों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
–



