Satya Report: नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका मिला है. राज्यसभा में राघव चड्ढा, संदीप पाठक समेत आम आदमी पार्टी के 7 सांसदो को बीजेपी में शामिल होने के प्रस्ताव को राज्यसभा चेयरमैन ने मंजूरी दे दी है. राज्यसभा ने नोटिफिकेशन जारी किया है जिसमें बीजेपी सांसदों की लिस्ट में इन 7 नेताओं का नाम शामिल है.

राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के बाद राज्यसभा में बीजेपी के सांसदो की संख्या 113 हो गई है. जिनमें 5 राष्ट्रपति की तरफ से मनोनीत सदस्य है.
बीजेपी में जो ‘आप’ सांसद शामिल हुए हैं, उनके नाम अशोक कुमार मित्तल, राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, संदीप कुमार पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्ता हैं.
बता दें कि शुक्रवार को राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया था. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने मिठाई खिलाकर सांसदों का पार्टी में स्वागत किया था. आप के 7 सांसदों के बीजेपी में विलय के बाद अब पार्टी के पास महज 3 सांसद रह गए हैं. इनके नाम संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और संत बलबीर सिंह हैं.
सांसदों के दल बदल पर आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह भड़कते नजर आए थे. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने 7 सांसदों का ऐसे आम आदमी पार्टी से अलग होना गैर कानूनी बताया था. संजय सिंह ने राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों की सदस्यता रद्द करने की बात कही थी. उनका कहना था कि बीजेपी ने नियमों के खिलाफ काम किया. इसके बावजूद, इन सांसदों को बीजेपी में शामिल होने की मंजूरी मिल गई है.
आम आदमी पार्टी नेता और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राघव चड्ढा पर भड़कते नजर आए थे. उन्होंने राघव को ‘गद्दार’ बताया था.



