Satya Report: Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. मानिकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह 19 वर्षीय दलित युवती का शव घर से कुछ ही दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला. शव की स्थिति और घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, मृतका का शव घर से लगभग 100 मीटर दूर एक आम के पेड़ से लटका हुआ पाया गया. चौंकाने वाली बात यह है कि शव पूरी तरह खून से लथपथ था.

घटनास्थल से करीब 20 मीटर की दूरी पर युवती की चप्पलें और अंडरगार्मेंट भी बरामद हुए हैं, जो किसी बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे हैं. सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर निकले, तब उन्होंने यह भयावह मंजर देखा और पुलिस को सूचना दी. युवती के प्राइवेट पार्ट पर भी जख्मों के गहरे निशान मिले हैं.
गरीब परिवार की मेधावी बेटी थी मृतका
मृतका ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी और आगे की पढ़ाई के सपने देख रही थी. वो दलित और एक बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखती थी. उसके पिता ईरिक्शा चलाकर अपने बड़े परिवार का पालनपोषण करते हैं. मृतका अपने भाईबहनों में पांचवें स्थान पर थी.
आधी रात के बाद हुई वारदात?
मृतका की मां के अनुसार, रात करीब 2 बजे जब वह उठी थीं, तब उनकी बेटी कमरे में ही सो रही थी. लेकिन सुबह होने पर वह अचानक गायब मिली. परिजनों को आशंका है कि किसी ने उसे बहलाफुसलाकर या साजिश के तहत घर से बाहर बुलाया और फिर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस की कार्रवाई और फोरेंसिक जांच
सूचना मिलते ही कुंडा क्षेत्राधिकारी अमरनाथ गुप्ता, मानिकपुर थाना प्रभारी और कई थानों की फोर्स फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से सभी साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
प्रथम दृष्टया पुलिस इसे दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. इस घटना के बाद से पूरे गांव में भारी तनाव और शोक का माहौल है. ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.



