Balaghat Murder Case: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के एक शादी समारोह में एक तरफ शहनाइयां गूंज रही थीं.दुल्हन के हाथों में पिया के नाम की मेहंदी रची थी. दूल्हा बारात लेकर मंडप की ओर बढ़ रहा था, तभी रास्ते में दुल्हन के प्रेमी की उसके भाइयों ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. देखते ही देखते ही शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं. आरोपियों ने शव को सुनसान मैदान में फेंक दिया. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के अनुसार, खैरलांजी निवासी 23 वर्षीय तरुण लिल्हारे 5 मई की रात अपनी वेल्डिंग की दुकान बंद कर घर लौटा और किसी शादी में जाने की बात कहकर बाइक से निकला. उसे नहीं पता था कि यह उसका आखिरी सफर होगा. तरुण अपनी प्रेमिका से मिलने छिपतेछिपाते पहुंचा था, तभी दुल्हन के भाइयों ने उसे देख लिया और आपा खो बैठे. तभी शादी समारोह में मृतक एवं युवती के परिजनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने तरुण को शादी स्थल के पीछे ले जाकर लाठीडंडों से पीटपीटकर मार डाला.
हादसा दिखाने की साजिश
हत्या के बाद साक्ष्यों को छुपाने के लिए आरोपियों ने तरुण के कपड़े उतार दिए और गर्राबोड़ीमुरझड़ रोड के पास पटबर्रा मैदान में शव के ऊपर उसकी बाइक गिरा दी, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे. मृतक तरुण लिल्हारे एवं युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. युवती की शादी कहीं और तय हो गई थी. तरुण के शादी समारोह में पहुंचने से युवती के परिजन आक्रोशित हो गए थे.
निर्वस्त्र अवस्था में मिला शव
6 मई की सुबह जब गांव वालों ने निर्वस्त्र अवस्था में तरुण का शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई. रामपायली पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए. जांच के दौरान मृतक के पिता टोपसिंह लिल्हारे ने बताया गया कि उसके बेटे का युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था. युवती की शादी कहीं और तय करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद एवं तनाव की स्थिति बनी हुई थी.
5 हत्यारोपी अरेस्ट
उक्त तथ्यों के आधार पर थाना रामपायली पुलिस ने इस हत्याकांड के आरोप में दुल्हन के दो सगे वेदप्रकाश लिल्हारे और हरिप्रकाश लिल्हारे, दो चचेरे भाई कमल और किशोर सहित गांव के एक युवक योगेश को गिरफ्तार कर लिया है. उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त किए गए लाठीडंडे और आरोपियों के कपड़े एवं जूते जब्त किए गए हैं.



