चार दिवसीय शुक्राना यात्रा के आज तीसरे दिन मालवा क्षेत्र पहुंचकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय जनता पार्टी और सांप्रदायिक ताकतों पर प्रहार किया. उन्होंने कहा कि भाजपा वोटों के लिए पंजाब की सदियों पुरानी भाईचारे की मजबूत डोरियों को तोड़ने की गहरी साजिश रच रही है. मुख्यमंत्री ने आज बठिंडा से यात्रा की शुरुआत की और श्री दमदमा साहिब में माथा टेका.

विभिन्न स्थानों पर लोगों को संबोधित करते हुए कि पश्चिम बंगाल में शुरू की गई डर और बंटवारे की राजनीति अब पंजाब में लागू करने की साजिश रची जा रही है, जहां सांप्रदायिक ताकतें समाज के ध्रुवीकरण और सत्ता पर कब्जा करने के लिए भाईचारों को एकदूसरे के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश कर रही हैं.
विभाजन के समय पंजाबियों ने दुख झेले
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने सबसे ज्यादा दुख झेले और 1947 के विभाजन के समय लगभग 10 लाख पंजाबियों ने अपनी जानें गंवाईं. बताएं कि पंजाब की देशभक्ति पर सवाल उठाने वालों ने देश के लिए ऐसी कोई कुर्बानियां नहीं दीं.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि एक श्रद्धालु सिख होने के नाते अकाल पुरख का शुक्राना करने के लिए उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब स्थित तख्त श्री केसगढ़ साहिब में माथा टेकने के बाद पूरे धार्मिक जोश और उत्साह के साथ शुक्राना यात्रा शुरू की थी. उनका दिल परमात्मा का ऋणी है कि उन्हें जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार अधिनियम2026 लागू करके मानवता की सेवा करने का मौका दिया गया.
बेअदबी के खिलाफ ऐतिहासिक कानून
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, हमारी सरकार भाग्यशाली है कि इस ऐतिहासिक कानून को पास करने की सेवा सौंपी गई है, जो भविष्य में बेअदबी की घटनाओं को समाप्त करेगा. श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी एक गहरी साजिश का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य पंजाब में शांति, सद्भावना, भाईचारे की साझ और फिर्की सद्भावना को भंग करना था.
अकालियों पर प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि वे अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने ऐसा कोई कानून नहीं बनाया. अकाली नेताओं ने हमेशा बाबे नानक के नाम पर वोट मांगे, फिर भी अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए बेअदबी की घटनाओं को होने दिया और दोषियों को बचाकर रखा.
मान ने पिछली कांग्रेस और अकाली सरकारों पर आम लोगों की भलाई को नजरअंदाज करते हुए भाईभतीजावाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया. उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के लिए ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है.



