फिल्मी दुनिया में ऐसे स्टार्स की कमी नहीं है, जिसने किसी दूसरे के लिए अपने पति या पत्नी को खुद से अलग कर दिया। ऐसे कई सेलिब्रिटी हैं जिन्होंने दो या दो से ज्यादा शादियां की हैं। बोनी कपूर भी इन्हीं सेलेब्स में से एक हैं। बोनी कपूर ने पहली शादी मोना शौरी से की थी, जिनसे उनके दो बच्चे अर्जुन कपूर और अंशुला कपूर थे। लेकिन, फिर उनकी जिंदगी में श्रीदेवी आईं और उन्होंने श्रीदेवी के लिए अपनी पहली पत्नी मोना शौरी को छोड़ दिया। इसका मोना पर काफी गहरा असर हुआ था। इस बीच सिंगर जसपिंदर नरूला ने उस दिन से जुड़ा किस्सा साझा किया है, जब मोना को पहली बार श्रीदेवी और बोनी कपूर के रिश्ते के बारे में पता चला था और वह बुरी तरह टूट गई थीं।

जुदाई के गाने की शूटिंग के दौरान फूटफूटकर रोई थीं मोना
ये किस्सा ‘जुदाई’ फिल्म का है, जिसमें श्रीदेवी, अनिल कपूर और उर्मिला मातोंडकर लीड रोल में थे। इस फिल्म का गाना ‘मुझे एक पल चैन न आए’ जसपिंदर नरूला ने गाया था। इस फिल्म के दौरान जहां श्रीदेवी और बोनी कपूर का अफेयर चल रहा था तो वहीं मोना कपूर को भी इसकी भनक लग चुकी थी। हालिया इंटरव्यू में जसपिंदर नरूला ने ये पूरा किस्सा याद करते हुए बताया कि कैसे मोना शौरी ने उनसे अपना दर्द बयां किया था।
सीढ़ी पर बैठी रो रही थीं मोना
जसपिंदर नरूला ने ‘बॉलीवुड ठिकाना’ से बातचीत में इस पर बात करते हुए कहा ‘मैं श्रीदेवी से कुछ दोतीन बार ही मिली थी। लेकिन, अब कई सालों बाद मोना कपूर की करीबी दोस्त होने के नाते, मुझे समझ आ रहा है कि वह उस दौरान किस दर्द से गुजर रही थीं। ये गाना इमोशनली तौर पर अलग मायने रखता है। जब ये गाना रिकॉर्ड हो रहा था, उस समय वह बेहद दर्द में थीं। मैं मोना कपूर के बहुत करीब थी। बाद में उन्होंने मुझे बताया था कि जब मैं ‘मुझे एक पल चैन न आवे’ रिकॉर्ड कर रही थी, तब वह रो रही थीं। उस दौरान एक का घर बन रहा था तो एक का टूट रहा था।’
लगभग उसी समय उन्हें सब पता चला था जसपिंदर नरूला
जसपिंदर नरूला कहती हैं ‘उन्होंने मुझसे कहा तुम अंदर वो गाना गा रही थी और मैं सुपर साउंड स्टूडियो के बाहर सीढ़ी पर बैठकर रो रही थी। इसी दौरान मुझे सब पता चला था। मुझे उन्होंने यही कहा था।’ इसी के साथ जसपिंदर ने बताया कि कैसे वह खुद भी इस गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान गंभीर समस्या से जूझ रही थीं। उनके कान में पस जमा हो गई थी, जिसके चलते उनका कान पूरी तरह बंद हो गया था। ऐसे में उन्होंने बहुत ही मुश्किल से ये गाना साथी सिंगर हरिहरन के साथ रिकॉर्ड किया था।
बोनी कपूर ने मोना को कैसे बताया था श्रीदेवी के साथ रिश्ते का सच?
बता दें, इससे पहले बोनी कपूर ने भी बताया था कि उन्होंने मोना को अपने और श्रीदेवी के रिश्ते के बारे में कैसे बताया था। उन्होंने चंदा कोचर के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा था ‘मैंने अपनी पहली पत्नी को सब सचसच बता दिया था, मैंने उसके सामने अपने दिल की बात कबूल की थी।’ बोनी ने अपनी अंगूठी की ओर इशारा करते हुए कहा ‘ये अंगूठी देखो और वो देखो जो श्रीदेवी ने पहनी थी, दोनों मोना ने ही खरीदी थीं। मैंने उसे सब खुलकर बता दिया था, इसीलिए उसने दोनों बच्चों की परवरिश उनके मन में किसी के लिए नफरत पैदा किए बिना की।’
ः



