कुछ हफ्ते पहले तक कोलकाता नाइट राइडर्स का IPL 2026 अभियान लगभग खत्म माना जा रहा था। टीम अपने पहले 6 मैचों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई थी और प्लेऑफ की उम्मीदें टूटती नजर आ रही थीं। लेकिन अब कहानी पूरी तरह बदल चुकी है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने ऐसा जोरदार कमबैक किया है कि टीम फिर से टॉप4 की रेस में मजबूती से लौट आई है। 8 मई को अरुण जेटली स्टेडियम में KKR ने दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। 143 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन बार की चैंपियन टीम ने सिर्फ 14.2 ओवर में मैच खत्म कर दिया।

KKR जीत के रथ पर सवार
इस जीत में स्पिन तिकड़ी वरुण चक्रवर्ती, सुनील नरेन और अनुकूल रॉय ने दिल्ली के बल्लेबाजों पूरी तरफ विफल कर दिया। इसके बाद फिन एलन ने सिर्फ 47 गेंदों में शानदार शतक जड़कर मैच को एकतरफा बना दिया। सीजन की खराब शुरुआत के दौरान कप्तान अजिंक्य रहाणे की कप्तानी पर लगातार सवाल उठ रहे थे। टीम बिखरी हुई नजर आ रही थी और आलोचनाएं तेज हो गई थीं। लेकिन अनुभवी रहाणे ने शांत दिमाग और बेहतरीन नेतृत्व का परिचय देते हुए केकेआर को फिर से मुकाबले में ला खड़ा किया।
KKR का प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता कैसे होगा साफ?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि केकेआर प्लेऑफ में कैसे पहुंच सकती है और आगे का रास्ता कितना मुश्किल है। दरअसल, IPL 2026 10 टीमों वाला छठा सीजन है। पिछले सभी सीजन में 16 या उससे ज्यादा पॉइंट हासिल करने वाली टीमें बिना नेट रन रेट की चिंता किए सीधे प्लेऑफ में पहुंची हैं।
फिलहाल कोलकाता लगातार चार जीत के बाद पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर पहुंच गई है। अगर टीम अपने बाकी चारों मुकाबले जीत लेती है तो उसके कुल 17 पॉइंट हो जाएंगे और वह बिना किसी समीकरण के सीधे प्लेऑफ में पहुंच सकती है। हालांकि अगर KKR एक भी मैच हारती है तो मामला नेट रन रेट पर फंस सकता है और फिर बाकी टीमों के नतीजों पर भी नजर रखनी पड़ेगी। KKR का अगला मुकाबला 13 मई को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरुके खिलाफ होगा। इस मैच में जीत KKR को प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती से बनाए रखेगी, जबकि बाकी टीमों पर दबाव भी बढ़ा देगी।



