अपना घर आश्रम, पूठ खुर्द, दिल्ली में आयोजित एक प्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दिल्ली सरकार के समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि 11 मई से 15 मई 2026 तक दिल्ली के सभी 13 जिलों में विशेष सेवा एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा. यह अभियान समाज कल्याण विभाग , अपना घर आश्रम, एवं सेवा भारती दिल्ली प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जाएगा.

उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जरूरतमंद, असहाय एवं बेसहारा लोगों को रेस्क्यू कर अपना घर आश्रमों में लाया जाएगा, जहां उनके उपचार, देखभाल एवं पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी.
पूरी में 19 वाहनों के माध्यम से यह विशेष रेस्क्यू अभियान संचालित होगा तथा अनुमानित रूप से 300 से अधिक लोगों को सहायता प्रदान की जाएगी. इस अवसर पर अपना घर आश्रम के संस्थापक डॉ बीएम भारद्वाज एवं सेवा भारती दिल्ली प्रांत से डॉ. संजय जिंदल भी उपस्थित रहे.
बेसहारा लोगों के लिए विशेष सेवा एवं रेस्क्यू अभियान
मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि इस अभियान के सफल संचालन हेतु वन विंडो सिस्टम निर्धारित किया गया है, जिसमें समाज कल्याण विभाग प्रमुख भूमिका निभाएगा. दिल्ली सरकार इस पूरे अभियान के दौरान पूर्ण सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करेगी.
उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है. समाज द्वारा उपेक्षित और बेसहारा लोगों की सेवा करना वास्तव में प्रभु सेवा के समान है. हमारी संस्कृति में नर सेवा ही नारायण सेवा मानी गई है और अपना घर आश्रम इसी भावना के साथ कार्य कर रहा है.
मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने अपना घर आश्रम की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि संस्था न केवल बेसहारा लोगों का रेस्क्यू करती है, बल्कि उनका उपचार, देखभाल, पुनर्वास तथा स्वस्थ होने के बाद उन्हें उनके परिवारों तक पहुंचाने का कार्य भी करती है.
दिल्ली सरकार और अपना घर आश्रम की पहल
उन्होंने कहा कि कई बार समाज में इस प्रकार की संस्थाओं को लेकर प्रश्न उठते हैं, लेकिन जो व्यक्ति अपना घर आश्रम में आकर वहां की सेवा भावना को देखेगा, उसे वास्तविक मानवता का अनुभव होगा. उन्होंने कहा कि सेवा भारती सहित अनेक सामाजिक संगठन भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं,
रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने मीडिया प्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग मानवता की इस सेवा से जुड़ें और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहभागी बनें.
उन्होंने आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार इस पांच दिवसीय अभियान के दौरान 24 घंटे तत्परता के साथ सहयोग प्रदान करेगी, ताकि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके.



