गोरखपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. शादी की तैयारियों के बीच खेलतेखेलते एक तीन साल की मासूम बच्ची खौलते चाशनी से भरे बर्तन में गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. घटना जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र की है.

थाना क्षेत्र के दोनखर वार्ड नंबर4 की निवासी सुरेंद्र यादव के घर 12 मई को शादी है. शादी के लिए घर में मिठाइयां बनाई जा रही थीं. पड़ोस में रहने वाले हलवाई राजेंद्र गुप्ता अपने सहयोगियों के साथ गुलाब जामुन और अन्य मिठाइयां तैयार कर रहे थे. इसी दौरान एक बड़े बर्तन में चीनी की चाशनी खौल रही थी.
खौलते चाशनी से भरे बर्तन में गिर गई मासूम बच्ची
बताया जा रहा है कि हलवाई राजेंद्र गुप्ता की तीन वर्षीय नातिन अदिति वहीं आसपास खेल रही थी. खेलतेखेलते अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे खौलते चाशनी से भरे बर्तन में जा गिरी. जैसे ही बच्ची चाशनी में गिरी, उसकी चीख सुनकर वहां मौजूद लोग दौड़े. हलवाई और अन्य लोगों ने तुरंत बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसका पूरा शरीर गंभीर रूप से झुलस चुका था. बच्ची के शरीर पर बड़ेबड़े छाले पड़ गए थे. उसे बचाने के दौरान कई लोगों के हाथ भी झुलस गए.
इलाज के दौरान हो गई मासूम की मौत
परिजन आननफानन में बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांसगांव लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी. मेडिकल कॉलेज में करीब चार घंटे तक इलाज चला, लेकिन बीते शाम करीब सात बजे मासूम ने दम तोड़ दिया.
मृतक अदिति अपने मातापिता की बड़ी संतान थी. उसके पिता अभिषेक के दो बच्चे हैं, जिनमें अदिति बड़ी थी, जबकि उसका छोटा भाई महज एक साल का है. मासूम की मौत के बाद परिवार का रोरोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.



