Madhya Pradesh

MP: एक्टिवा पर आए, घरों पर फेंके देसी बम और बरसाए पत्थर… CCTV में कैद हुआ ‘बमबाज’

Jabalpur News: जबलपुर में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने दहशत का तांडव मचाया. रांझी थाना क्षेत्र के शोभापुर भड़पुरा इलाके में नकाबपोश बदमाशों ने कॉलोनी में घुसकर फिल्मी स्टाइल में ताबड़तोड़ बमबाजी और पत्थरबाजी की वारदात को अंजाम दिया. बदमाश एक्टिवा गाड़ी में भरकर बम और पत्थर लेकर पहुंचे थे और आदित्य सिंह व अक्षय सिंह के घरों को निशाना बनाया. घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी लगातार बम और पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं. बदमाशों ने कई कारों में भी तोड़फोड़ की. सूचना मिलते ही रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और बमों के अवशेष बरामद किए. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है.

MP: एक्टिवा पर आए, घरों पर फेंके देसी बम और बरसाए पत्थर… CCTV में कैद हुआ ‘बमबाज’
MP: एक्टिवा पर आए, घरों पर फेंके देसी बम और बरसाए पत्थर… CCTV में कैद हुआ ‘बमबाज’

घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तेज धमाकों की आवाज सुनकर अपने घरों से बाहर निकलकर देखा तो तीन युवक एक्टिवा पर सवार होकर भागते दिखाई दिए. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मौके से बमों के अवशेष बरामद किए. रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि घटना न्यू शोभापुर की है. पुलिस को मौके से फटे हुए देसी बमों के अवशेष मिले हैं. इसके अलावा कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई है. उनके कांच पत्थरों से तोड़ दिए गए हैं. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बमबाजी, तोड़फोड़ और शांति भंग करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

CCTV में कैद हुई घटना

थाना प्रभारी ने बताया कि CCTV फुटेज में तीन युवक एक्टिवा पर सवार दिखाई दे रहे हैं, जो घरों के सामने बम फेंकते और गाड़ियों में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और उनके आनेजाने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

देसी बम का इस्तेमाल किया

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने हाथ से बनाए गए देसी बमों का इस्तेमाल किया था. हालांकि ये बम किसने तैयार किए और इन्हें कहां से लाया गया, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने बमों के अवशेष जब्त कर जांच के लिए भेज दिए हैं. पीड़ित पक्ष ने पुलिस को बताया कि घटनास्थल के पीछे एक खाली प्लॉट है, जहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और शराबखोरी जैसी गतिविधियां होती हैं.

संदिग्धों से पूछताछ कर रही पुलिस

आशंका जताई जा रही है कि उसी क्षेत्र में घूमने वाले कुछ युवक इस वारदात में शामिल हो सकते हैं. पुलिस संदिग्ध युवकों से पूछताछ कर रही है. फिलहाल घटना के बाद से न्यू शोभापुर क्षेत्र में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply