इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए पूर्व महिला क्रिकेटर सारा टेलर को पुरुष टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज में वह बेन स्टोक्स की टीम के साथ नजर आएंगी और ऐसा करने वाली पहली महिला कोच बन जाएंगी।

इंग्लैंड क्रिकेट में एक ऐसा ऐतिहासिक फैसला लिया गया है, जिसने पूरी क्रिकेट दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए पूर्व महिला क्रिकेटर सारा टेलर को पुरुष टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। ऐसा पहली बार देखने को मिलेगा जब कोई महिला कोच इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के साथ इस भूमिका में नजर आएगी।
ईसीबी ने 13 मई को कई बड़े बदलावों का ऐलान किया, जिसमें मार्कस नॉर्थ को नया नेशनल सिलेक्टर बनाए जाने के साथसाथ सारा टेलर को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई। बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम 4 जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी और इसी सीरीज में सारा टेलर इतिहास रचती दिखाई देंगी।
इस वजह से सारा Sarah Taylor को मिली बड़ी जिम्मेदारी
ईसीबी ने साफ किया कि इंग्लैंड पुरुष टीम के नियमित फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन इस समय आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े हुए हैं, जिस कारण वह न्यूजीलैंड सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। ऐसे में बोर्ड ने सारा टेलर को फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी सौंपी है। सारा इससे पहले भी पुरुष क्रिकेट टीमों के साथ काम कर चुकी हैं और कोचिंग के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान बना रही हैं।
Sarah Taylor has been appointed as the Men’s England Team fielding coach for the New Zealand series.
One of the biggest milestone achievement of the England cricket.
Whom do you think an Indian female cricketer can be fielding coach in men’s cricket 🤔pic.twitter.com/zAeRakdjGE
— cricFusion Aashi May 14, 2026
पुरुष टीमों के साथ काम करने का है अनुभव
इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद सारा टेलर ने कोचिंग में कदम रखा और काफी कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई। वह द हंड्रेड टूर्नामेंट में मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रह चुकी हैं। इसके अलावा ससेक्स काउंटी की पुरुष टीम के साथ भी उन्होंने काम किया है। यही अनुभव अब उन्हें इंग्लैंड पुरुष टीम के ड्रेसिंग रूम तक ले आया है।
शानदार रहा है सारा टेलर का इंटरनेशनल करियर
सारा टेलर इंग्लैंड महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे बेहतरीन विकेटकीपर बल्लेबाजों में गिनी जाती हैं। उन्होंने इंग्लैंड के लिए 126 वनडे, 90 टी20 और 10 टेस्ट मैच खेले। वनडे क्रिकेट में उनके नाम 4056 रन दर्ज हैं, जिसमें 7 शतक और 20 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 2177 रन बनाए और 16 फिफ्टी लगाने का कारनामा किया।
वर्ल्ड कप जीत में निभाई थी अहम भूमिका
साल 2017 महिला वनडे वर्ल्ड कप में इंग्लैंड टीम की जीत में सारा टेलर ने बेहद अहम योगदान दिया था। उनकी विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी दोनों ने टीम को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। आईसीसी ने भी उनके शानदार करियर को सम्मानित किया। सारा को साल 2014 में वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया था, जबकि 2012 और 2013 में वह टी20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड जीत चुकी हैं।



