उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्लीलखनऊ नेशनल हाईवे पर एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ है। यहां बागड़पुर फ्लाईओवर के ऊपर एक चलती मोटरसाइकिल में अचानक भीषण आग लग गई। चलती बाइक में लगी आग से बाइक सवार खुद को बचा नहीं सका। इस हादसे में बाइक सवार युवक आग की लपटों के बीच बुरी तरह घिर गया और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।

हादसा बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बागड़पुर फ्लाईओवर पर करीब 8:30 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मृतक युवक की पहचान अजीत पुत्र राजेश सिंह के रूप में हुई है, जो जनपद अमरोहा के गांव भोगपुरा का निवासी था।
फ्लाई ओवर में हुआ हादसा
अजीत अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP13 AK 1328 पर सवार होकर अमरोहा से हापुड़ की ओर आ रहा था। जैसे ही वह बागड़पुर फ्लाई ओवर के ऊपर पहुंचा, उसकी बाइक में अचानक अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अजीत को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह आग की लपटों में बुरी तरह घिर गया।
हाईवे पर ट्रैफिक बाधित
सड़क पर धूंधूं कर जलती बाइक को देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आननफानन में एंबुलेंस को बुलाया। आग की चपेट में आने से अजीत गंभीर रूप से झुलस चुका था। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। हादसे की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बाइक में लगी आग को बुझाया गया। इस दौरान हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।
आग लगने के कारणों की जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाइक में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक के परिवार में इस घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।



