Janakpuri Rape case: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में एक निजी स्कूल के केयरटेकर ने तीन साल की बच्ची के साथ रेप किया था. आरोपी की उम्र 57 साल थी. अब मामले में स्कूल की महिला टीचर को भी अरेस्ट कर लिया गया है. पलिस के एक अधिकारी ने बताया कि टीचर को अदालत में पेश किया गया. इसके बाद यहां से उसे एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया.

पुलिस ने कोर्ट से जांच और पूछताछ के लिए शिक्षिका की दो दिन की पुलिस हिरासत की मांग की थी. लेकिन, अदालत ने दलीलें सुनने के बाद एक दिन की ही पुलिस कस्टडी मंजूर की. पुलिस की टीमें टीचर से लगातार पूछताछ कर रही है.
महिला टीचर को भी आरोपी बनाया
पुलिस में दी गई शिकायत में पीड़िता की मां ने महिला टीचर को भी आरोपी बनाया था. यह घटना एक मई की है. पीड़ित बच्ची की मां ने जनकपुरी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी कि बेटी का दाखिला 30 अप्रैल को स्कूल में हुआ था, आरोपी ने एडमिशन के दूसरे बच्ची के साथ रेप किया.
पुलिस के अनुसार, जब बच्ची घर वापस आई तो उसने दर्द की शिकायत की. उसने बताया कि केयर टेकर उसे सुनसान जगह पर ले जाया गया था, जहां उसके साथ गंदी हरकत की गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 64 और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज किया.
बच्ची की पहचान के बाद पुलिस ने स्कूल के केयरटेकर को एक मई को ही अरेस्ट कर लिया था. हालांकि, इस मामले में पीड़ित पक्ष के विरोध के बावजूद शहर की एक अदालत से सात मई को उसे बेल मिल गई थी. अब इस मामले में पुलिस ने इस फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील की है.
पीड़िता की मां के गंभीर आरोप
पीड़िता की मां का आरोप है कि पुलिस ने भी उसके साथ बदसलूकी की. थाने में कई घंटों तक इंतजार कराया गया था. हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. पुलिस ने इन आरोपों का खंडन किया और कहा कि जांच निष्पक्ष और पेशेवर तरीके से की गई थी. पुलिस ने बताया कि उसने सीसीटीवी फुटेज, डीवीआर और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं.



