दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल और डीजल की बचत की अपील का हवाला देते हुए सरकारी दफ्तरों की टाइमिंग में बदलाव कर दिया है. दिल्ली सरकार के दफ्तर अब सुबह 10:30 बजे से शाम 7:00 तक रहेंगे. वहीं MCD के दफ्तर का समय सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक तय किया गया है. बता दें कि दिल्ली सरकार ने ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और विदेशी मुद्रा पर दबाव कम करने के लिए 90 दिनों का विशेष जनअभियान शुरू करने का ऐलान किया है.

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के दौर में देश की आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए दिल्ली सरकार ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान चलाएगी और राजधानी को एक व्यवहारिक मॉडल के रूप में विकसित करने की कोशिश करेगी. रेखा गुप्ता ने सरकारी कर्मचारियों और मंत्रियों पर 1 साल तक विदेश नहीं जाने की पाबंदी लगा दी है.
सरकारी संस्थानों के दफ्तरों का समय बदला
उन्होंने बताया कि अलगअलग सरकारी संस्थानों के दफ्तरों का समय भी अलगअलग रखा जाएगा ताकि ट्रैफिक और ईंधन की खपत को कम किया जा सके. इसके तहत एमसीडी दफ्तरों का समय सुबह साढ़े 8 बजे से शाम 5 बजे तक, दिल्ली सरकार के दफ्तरों का समय सुबह साढ़े 10 बजे से शाम 7 बजे तक और केंद्र सरकार के दफ्तरों का समय सुबह 9 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक रहेगा.
एसी का तापमान भी तय
वहीं ऊर्जा बचत के लिए सरकारी दफ्तरों में एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रखा जाएगा. दफ्तरों में मुख्य स्विच और सेंसर आधारित लाइटिंग सिस्टम लगाए जाएंगे ताकि कमरे खाली होने पर बिजली खुदबखुद बंद हो सके.
तीन महीने का जनअभियान
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह तीन महीने का जनअभियान होगा, जिसके तहत लोगों से ईंधन बचाने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाने, अनावश्यक विदेशी यात्रा और गैरजरूरी खर्च कम करने तथा स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की जाएगी.
‘नो व्हीकल डे’ मनाने की अपील
उन्होंने ‘मेट्रो मंडे’ अभियान की भी घोषणा की, जिसके तहत हर सोमवार मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और सरकारी कर्मचारी अधिक से अधिक मेट्रो का इस्तेमाल करेंगे. साथ ही हफ्ते में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने की अपील की गई है ताकि लोग निजी वाहनों का कम उपयोग करें. कार पूलिंग, कार साझा करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा.



