IndiaTrending

एक तरबूज ने उजाड़ दिया परिवार! पिता की मौत, बेटा वेंटिलेटर पर लड़ रहा जिंदगी की जंग

Sheopur News: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तरबूज खाने के बाद पिता और पुत्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई. दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से पिता को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कोटा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. वहीं, बेटे की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है.

एक तरबूज ने उजाड़ दिया परिवार! पिता की मौत, बेटा वेंटिलेटर पर लड़ रहा जिंदगी की जंग
एक तरबूज ने उजाड़ दिया परिवार! पिता की मौत, बेटा वेंटिलेटर पर लड़ रहा जिंदगी की जंग

जानकारी के अनुसार, मृतक पिता का नाम इंदर सिंह परिहार बताया जा रहा है और उनके पुत्र का नाम विनोद परिहार है. दोनों एमपी के आगर मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा क्षेत्र से मजदूरी के लिए श्योपुर आए थे. यहां रहने के दौरान उन्होंने तरबूज खाया, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई.

तरबूज खाने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
स्थानीय लोगों के अनुसार, तरबूज खाने के कुछ समय बाद ही दोनों को उल्टी, चक्कर और कमजोरी जैसी शिकायतें होने लगीं. हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद पिता इंदर सिंह को गंभीर स्थिति में कोटा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही खतौली गांव के पास उनकी मौत हो गई.

घटना से इलाके में मचा हड़कंप
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तरबूज में किसी प्रकार के केमिकल या हानिकारक पदार्थ की मिलावट हो सकती है, जिससे यह स्थिति बनी है. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं कहा गया है. फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तरबूज के सैंपल भी जांच के लिए भेजे जा सकते हैं.

डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा. इस घटना ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है और स्थानीय प्रशासन से फूड सिक्योरिटी को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply