किसी न किसी विवाद में रहने वाली लखनऊ की बाबू बनारसी दास यूनिवर्सिटी फिर विवादों में आ गयी। शुक्रवार रात यूनिवर्सिटी कैंपस के हॉस्टल में मेस के खराब खाने को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा और बवाल काटा। देखते ही देखते यह विरोध प्रदर्शन एक बड़े हिंसक रूप में तब्दील हो गया।

मामले की शुरुआत तब हुई जब बीटेक और बीसीए के छात्रों ने मेस में परोसी जा रही रोटियों की खराब गुणवत्ता पर सवाल उठाया। छात्रों का आरोप है कि जब उन्होंने इसकी शिकायत ब्लॉक हेड शुभम प्रताप सिंह से की, तो उन्होंने संवेदनहीन रवैया अपनाते हुए कथित तौर पर कहा, “यही खाना खाना पड़ेगा।” विरोध करने पर हॉस्टल वॉर्डन और प्रशासन ने एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना से आक्रोशित होकर अन्य छात्रों ने भी वॉर्डन को जमकर पीट दिया।
इसके बाद गुस्साए सैकड़ों छात्र हॉस्टल से बाहर निकल आए और कैंपस में तोड़फोड़ करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित छात्रों का हुजूम लखनऊअयोध्या हाईवे की तरफ बढ़ गया और वहां जाम लगाने की कोशिश की। इसके चलते हाईवे पर करीब आधे घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा और गाड़ियों की कतारें लग गईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूनिवर्सिटी के उच्चाधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित छात्रों को मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाबुझाकर शांत कराया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ सकी।



