पीठा या पिठा…ये मिठाई पूर्वी उत्तर भारत जैसे बिहार, ओडिशा, बंगाल और असम में बनाई जाती है. लोग इसे अलगअलग तरीकों से बनाते हैं. जैसे कुछ लोग इसमें गुड़ और नारियल की फिलिंग भरते हैं और स्टीम में पकाते हैं. कुछ इसे दूध के साथ भी पकाते हैं तो ओडिशा में चितौ पीठा बनता है जिसे चावल के आटा, फ्रेश कद्दूकस किए नारियल के साथ चीला या कहें कि पैनकेक की तरह बनाते हैं. ये खासतौर पर त्योहारों के टाइम प्रसाद में बनाया जाता है.

मोदक चावल के आटे से बनने वाली एक ऐसी मिठाई है, जिसके बारे में ज्यादातर लोग जानते ही हैं. ये महाराष्ट्र में गणेश उत्सव के दौरान तक खासतौर पर घरों में बनाते हैं. मोदक भगवान गणेश की प्रिय मिठाई मानी जाती है. इसे बनाने के लिए चावल के आटे को पकाया जाता है. इसमें गुड़ और नारियल की फिलिंग भरते हैं.
अनरसा बिहार में बनने वाली चावल के आटे की मिठाई है, जिसमें गुड़ डाला जाता है और तिल मिलाते हैं. ये बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट होती है. खासकर इसे लोग होली, सावन, दिवाली और छठ, वट सावित्री जैसे मौकों पर बनाते हैं. इसके लिए लोग चावलों को पानी में भिगोकर खुद ही इसका आटा तैयार करते हैं. इस मिठाई को धीमी आंच पर क्रिस्पी होने तक फ्राई करते हैं और ऊपर से तिल की कोटिंग की जाती है.
पातिशप्ता बंगाल में बनने वाला डेजर्ट है, जिसे चावल के घोल से चीला बनाते हैं फिर उसमें नारियल, खोया, गुड़ का मिश्रण भरकर रोल कर देते हैं. इसे पकाए गए गाढ़े दूध में डुबोया जाता है. ये बेहद नरम होता है और मुंह में घुल जाने वाली मिठाई है, जो कमाल की स्वादिष्ट लगती है. इसे बनाना भी बेहद आसान है.
पटोली चावल के आटे से बनने वाली एक ऐसी मिठाई है जिसे हल्दी के पत्तों में पकाते हैं. ये महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्रों, गोवा के अलावा कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों की पारंपरिक और पॉपुलर मिठाई है. चावल के आटे को बिल्कुल मुलायम गूंथकर हल्दी के पत्ते पर फैलाते हैं इसमें फ्रेश कद्दूकस किए नारियल गुड़, इलायची की फिलिंग भरते हैं. पत्तों को मोड़कर बंद कर दिया जाता है और फिर इसे स्टीम कर लेते हैं. इससे इसमें हल्दी के पत्तों की सुगंध और औषधीय गुण भी आ जाता हैं.



