बैंकॉक: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में शनिवार दोपहर एक बड़ा और दर्दनाक सड़करेल हादसा हो गया। यहाँ एक रेलवे क्रॉसिंग पर तेज रफ्तार मालगाड़ी ने सवारी बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में कम से कम 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा शहर के मध्य क्षेत्र में स्थित एक एयरपोर्ट रेल लिंक स्टेशन के पास हुआ।

रेलवे क्रॉसिंग पर फंसी थी बस
बैंकॉक की आपातकालीन सेवा ‘एरावन मेडिकल सेंटर’ ने मौतों की पुष्टि की है। घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि रेलवे क्रॉसिंग पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान ट्रैक पार कर रही एक नारंगी रंग की सार्वजनिक बस वहीं फंस गई और तभी तेज रफ्तार मालगाड़ी उसे रौंदते हुए निकल गई।
टक्कर के बाद लगी आग, गाड़ियां घिसटीं
चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि मालगाड़ी बस के साथ कई अन्य वाहनों और मोटरसाइकिलों को काफी दूर तक घिसटती ले गई। इसके तुरंत बाद बस में भीषण आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि आखिर क्रॉसिंग पर गेट बंद क्यों नहीं था या बस वहां कैसे फंसी।



