नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो की लिफ्ट के अंदर एक मुस्लिम बुजुर्ग व्यक्ति के पेशाब करने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो दीपशिखा मेहता नाम की महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। उन्होंने दावा किया कि यह घटना दिल्ली के कालकाजी मंदिर मेट्रो स्टेशन की है।

वीडियो के मुताबिक, महिला लिफ्ट में दो अन्य लोगों और एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ मौजूद थीं। इसी दौरान उन्हें लगा कि बुजुर्ग व्यक्ति लिफ्ट के अंदर पेशाब कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कैमरा ऑन कर लिया और उनसे सवाल पूछने लगीं।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कुछ यूजर्स ने सार्वजनिक जगह पर ऐसी हरकत को गलत बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की, जबकि कई लोगों ने बुजुर्ग की हालत और मेडिकल इमरजेंसी को समझने की अपील की।
दिल्ली पुलिस ने बताया पूरा मामला
वायरल विवाद के बाद दिल्ली पुलिस ने भी इस मामले पर अपना पक्ष रखा। पुलिस के अनुसार, 15 मई की रात करीब 9:40 बजे वीडियो में दिखाई दे रहे बुजुर्ग व्यक्ति जामिया मेट्रो स्टेशन से फरीदाबाद मेट्रो स्टेशन की ओर यात्रा कर रहे थे। इंटरचेंज के दौरान जब वह कालकाजी मंदिर मेट्रो स्टेशन पहुंचे, तब उन्हें अचानक मेडिकल इमरजेंसी महसूस हुई। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने आसपास टॉयलेट ढूंढने की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई तो मजबूरी में उन्हें लिफ्ट के अंदर बोतल में पेशाब करना पड़ा।
CISF और DMRC ने लिया एक्शन
दिल्ली पुलिस के बयान के मुताबिक, लिफ्ट में मौजूद कुछ यात्रियों ने इस घटना पर आपत्ति जताई और CISF और DMRC स्टाफ को सूचना दी। इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई की। DMRC ने बुजुर्ग व्यक्ति पर DMRC एक्ट की धारा 59 के तहत जुर्माना भी लगाया।



