Uttar Pradesh

पानी के छींटे गिरने पर हुआ विवाद, चाकुओं से गोदकर युवक की ले ली जान… आरोपी की तलाश में बागपत पुलिस

Satya Report: बागपत में पड़ोसी मकान में मौजूद लोगों पर पानी की छींटें गिरने से शुरू हुई बहस खूनखराबे में बदल गई. तनाव इतना बढ़ गया कि पड़ोसियों ने परिवार पर हमला बोल दिया. चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या कर डाली. बचाव को आई मृतक की मां, बहन, भाई व पिता पर भी चाकुओं से ताबड़तोड़ प्रहार किए गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, जबकि घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पानी के छींटे गिरने पर हुआ विवाद, चाकुओं से गोदकर युवक की ले ली जान… आरोपी की तलाश में बागपत पुलिस
पानी के छींटे गिरने पर हुआ विवाद, चाकुओं से गोदकर युवक की ले ली जान… आरोपी की तलाश में बागपत पुलिस

दरअसल, मामला बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के बड़का रोड का है. यहां पर एक महिला गुड्डो पत्नी आस मोहम्मद अपने मकान की छत पर पानी डालकर सफाई कर रही थी. इसी बीच पानी की छींटें पड़ोस वाले घर में मौजूद लोगों पर जा गिरीं. इसी मामूली बात को लेकर पड़ोसियों ने आस मोहम्मद के घर पर हमला बोल दिया.

घर में मौजूद सुएब को चाकुओं से गोद डाला, जिससे सुएब ने मौके पर दम तोड़ दिया. बचाव को आई मृतक की मां गुड्डो, पिता आस मोहम्मद, बहन फरहा, छोटे भाई फरमान को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा. इन पर भी चाकुओं से ताबड़तोड़ हमले कर घायल कर दिया गया.

दोनों पक्षों के बीच इस दौरान जमकर पथराव भी हुआ, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. घटना को अंजाम देकर हमलावर वहां से भाग निकले. सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, जबकि अन्य सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

इस संबंध में बड़ौत कोतवाली प्रभारी दीक्षित त्यागी का कहना है कि मृतक परिवार की तरफ से तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है. हमलावरों की तलाश के लिए टीम भी गठित कर दी गई है. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply