
लुधियाना, पंजाब: ताजपुर रोड स्थित न्यू सरपंच कॉलोनी में एक निकाह के कुछ ही घंटे बाद मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दूल्हे के छोटे भाई ने अपने साथियों के साथ दुल्हन के मायके पहुंचकर जमकर पथराव और तोड़फोड़ की। हमलावरों ने घर को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। इस घटना में दुल्हन के पिता घायल हो गए, जबकि घर के बाहर खड़ी दो एक्टिवा स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गईं।
शिकायतकर्ता मोहम्मद अनवर के मुताबिक, शनिवार सुबह उनकी बेटी का निकाह हुआ था। दोपहर में घर के बाहर डीजे बज रहा था और बाराती नाच रहे थे। इसी दौरान दूल्हे के छोटे भाई समीर और दुल्हन के मामा के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। विवाद बढ़ता देख अनवर और अन्य रिश्तेदारों ने बीच-बचाव किया और दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया।
इसके बाद निकाह की बाकी रस्में सामान्य तरीके से पूरी हुईं। शाम करीब छह बजे दुल्हन को विदा कर दिया गया। परिवार को लगा कि विवाद खत्म हो चुका है, लेकिन आरोप है कि रात में इसी कहासुनी को लेकर हमला कर दिया गया।
रात करीब 11:30 बजे हथियारों के साथ पहुंचे हमलावर
मोहम्मद अनवर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 11:30 बजे समीर अपने दोस्त लोट्टा और 20 से 25 अन्य युवकों के साथ उनके घर के बाहर पहुंचा। आरोप है कि सभी के पास हथियार थे। वहां पहुंचते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और घर पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे।
जब अनवर ने बाहर आकर उन्हें रोकने की कोशिश की तो हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी दो एक्टिवा स्कूटी में तोड़फोड़ कर उन्हें नुकसान पहुंचाया।
घर और मुख्य दरवाजे को निशाना बनाकर फायरिंग का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए घर और मुख्य दरवाजे की तरफ करीब 30 से 35 राउंड गोलियां चलाईं। राहत की बात यह रही कि गोली किसी अन्य परिजन को नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। वारदात के बाद परिवार में डर का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से ससुराल पहुंच चुकी नवविवाहिता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने 12 खाली कारतूस किए बरामद
घटना की सूचना मिलने पर थाना मेहरबान के एसएचओ इंस्पेक्टर जगदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से .30 बोर के 12 खाली कारतूस बरामद किए। फॉरेंसिक टीम यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी था या अवैध।
एसएचओ के मुताबिक, मोहम्मद अनवर की शिकायत पर मुख्य आरोपी समीर, उसके साथी लोट्टा और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, तोड़फोड़ और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान करने और आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
Satya Report डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट और शिकायतकर्ता के आरोपों पर आधारित है। मामले में आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।



