
मयूरभंज, ओडिशा: ओडिशा के मयूरभंज जिले में चार साल की आदिवासी बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि उसी गांव के एक नाबालिग लड़के ने बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ गलत हरकत की। घटना के बाद आरोपी बच्ची को अकेला छोड़कर फरार हो गया।
रोते हुए घर पहुंची बच्ची
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को बच्ची अपने घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। आरोप है कि गांव के ही नाबालिग लड़के ने उसे अपने साथ बुलाया और सुनसान स्थान पर ले गया। कुछ देर बाद बच्ची रोते हुए घर पहुंची। उसकी हालत देखकर परिजन घबरा गए और तुरंत उसे रायरांगपुर उपमंडल अस्पताल ले गए।
बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पंडित रघुनाथ मुर्मू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही जामदा थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में पॉक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर बच्ची के इलाज की जानकारी भी ली।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बच्ची को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
सत्यम रिपोर्ट: मामला संवेदनशील है। आरोपी नाबालिग है और उसके खिलाफ लगे आरोपों की जांच कानून के अनुसार की जा रही है।



