
नवादा, बिहार: घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। पिता अपनी इकलौती बेटी को फरवरी में दुल्हन के रूप में विदा करने का सपना संजो रहे थे, लेकिन इससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बिहार के नवादा जिले में 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव गांव के तालाब के पास खून से लथपथ हालत में मिला। परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने अभी मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है।
मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। मृतक की पहचान अभय सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि वह राजस्थान में रहते थे और दीपावली के मौके पर बेटी की शादी की तैयारियों के लिए घर आए थे। उनकी इकलौती बेटी की शादी फरवरी में होनी थी। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। घर में विवाह को लेकर खुशियों का माहौल था।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात परिवार में छठ व्रत को लेकर चहल-पहल थी। इसी दौरान अभय सिंह किसी काम से घर से बाहर निकले। कुछ समय बाद वह गांव के तालाब के पास खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनके चेहरे पर भी खून के निशान दिखाई दे रहे थे।
स्थानीय लोगों ने उन्हें इस हालत में देखा तो शोर मचाया और परिवार को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों का आरोप है कि अभय सिंह की पीट-पीटकर हत्या की गई और शव तालाब के पास फेंक दिया गया। हालांकि, अभी तक इस आरोप की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना प्रभारी विजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर जांच की। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
एसडीपीओ के अनुसार, राजस्थान से परिवार के अन्य सदस्यों के आने और लिखित आवेदन मिलने के बाद आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।
Satya Report: बेटी की शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिवार सदमे में है। फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।



