
नागरिक चिकित्सालय पालमपुर में 18 अगस्त की मध्य रात्रि एक ऐसे बच्चे का जन्म हुआ, जिसके दोनों हाथों व दोनों पैरों में छह-छह उंगलियां हैं। चिकित्सकीय रूप से इस जन्मजात स्थिति को पॉलीडैक्टाइली कहा जाता है।
पालमपुर (कांगड़ा) : नागरिक चिकित्सालय पालमपुर में 18 अगस्त की मध्य रात्रि एक ऐसे बच्चे का जन्म हुआ, जिसके दोनों हाथों व दोनों पैरों में छह-छह उंगलियां हैं। चिकित्सकीय रूप से इस जन्मजात स्थिति को पॉलीडैक्टाइली कहा जाता है। चारों अंगों में एक साथ अतिरिक्त उंगलियों का होना बेहद दुर्लभ माना जाता है। जानकारी के अनुसार, नवजात की माता उत्तर प्रदेश की रहने वाली प्रवासी महिला है और वर्तमान में पालमपुर के समीप मनियाड़ा में रह रही है।
यह उसका तीसरा प्रसव है और उसके पहले दोनों बच्चे सामान्य हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, पॉलीडैक्टाइली जन्मजात स्थिति है, जो कई मामलों में आनुवंशिक कारणों से जुड़ी हो सकती है। इसकी संरचना के आधार पर चिकित्सकीय मूल्यांकन किया जाता है। सामान्य पॉलीडेक्टाइली की तुलना में चारों हाथ-पैरों में छह-छह उंगलियों का होना अत्यंत दुर्लभ स्थिति है। नागरिक चिकित्सालय पालमपुर के चिकित्सा अधीक्षक डा. तिलक भागड़ा ने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।



