Satya Report: अचार खाने के अगर आप भी शौकीन हैं तो आम का अचार डालने के लिए तैयार हो जाइए। गर्मियों में कच्ची कैरी का सीजन होता है। अगर आप भी कैरी का अचार डालने का सोच रहे हैं तो एक बार आम का पानी वाला अचार बनाने का अनोखा तरीका ट्राई करना चाहिए। यह बहुत ज्यादा लंबी या थकाने वाली प्रोसेस बिल्कुल भी नहीं है। इस रेसिपी से आप इंस्टेंट कैरी अचार बना पाएंगे। आम का पानी वाला अचार न केवल आपके बोरिंग दालचावल का स्वाद बढ़ा देगा बल्कि यह स्वाद में बाजार वाले अचार के टेस्ट को भी टक्कर देगा। शेफ निशा मधुलिका ने इसकी रेसिपी शेयर की है।

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
कच्चे आम – 2
पीली सरसों – ½ कप
नमक – 2 टेबल स्पून या स्वादानुसार
सरसों का तेल – ¼ कप
सौंफ पाउडर – 2 टेबल स्पून
लाल मिर्च पाउडर – 1 टेबल स्पून
हल्दी पाउडर – 2 छोटी चम्मच
मेथी दाना – 1 छोटी चम्मच
राई के दाने – 1 छोटी चम्मच
सौंफ – 1 छोटी चम्मच
हींग – ¼ छोटी चम्मच
सफेद सिरका – 2 टेबल स्पून
इस तरह बनाएं
सबसे पहले कच्चे आम को पानी से धोकर साफ कर लें। इन्हें सूखने के लिए रख दें। फिर आमों के डंठलों को हटा दें। फिर छोटेछोटे टुकड़ों में काट लें। इसकी गुठली भी हटा दें। अब आपको एक बड़ा बर्तन लेना है। इसमें दरदरी कूटी पीली सरसों डाल दें। साथ ही दरदरी कूटी हुई सौंफ, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, नमक और 3/4 कप पानी डाल दें। फिर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें।
इसमें आम के टुकड़े डालकर अच्छे से मिला दें। इसके बाद आपको मसाले में तड़का लगाना है। इसके लिए किसी पैन में तेल डालकर गरम करने के लिए गैस पर रख दें। फिर तेल के गरम होने पर आपको इसमें मेथी के दाने डालने है। इन्हें भून लें और फिर राई डाल दें। राई के दाने तड़क जाने पर इसमें सौंफ डालकर हल्का सा भून लें। फिर हींग डाल दें। इसके बाद आपको गैस बंद कर देनी है। इस तड़के को आम के मसाले में डालकर अच्छे से मिला लें।
फिर अचार में सिरका डालकर मिक्स कर लें। अचार बनकर तैयार है। यह 34 दिन के बाद खाने के लिए तैयार हो जाता है। अगर आप चाहें तो अचार को धूप में भी रख सकते हैं। अगर धूप नहीं हो तो अचार को कमरे के अंदर भी रख सकते हैं। अचार को रोजाना 1 बार चम्मच से चला दीजिए ताकि जो मसाले नीचे बैठ गए हों, वह अचार में अच्छे से मिल जाएं।



