
Karnataka Crime News: कर्नाटक के चिक्कमगलुरु जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहित महिला से प्रेम संबंध से जुड़े विवाद में 28 साल के युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. मामला एनआर पुरा तालुक के बालेहोन्नूर के पास हूविनाहक्लू गांव का है. बताया जा रहा है कि युवक अरुण रात में महिला से मिलने गया था. इस दौरान उस पर हमला हुआ.
जानकारी के मुताबिक अरुण विवाहित महिला के घर गया था, जहां शेषगिरी नाम के दूसरे युवक ने उस पर हमला कर दिया. शेषगिरी उस महिला का रिश्तेदार बताया जा रहा है.
दोनों का था महिला के साथ संबंध
पुलिस के मुताबिक, अरुण और शेषगिरी दोनों का उस महिला के साथ संबंध था, जो अपने पति से अलग रह रही थी. पुलिस को शक है कि यह हमला उनके रिश्ते को लेकर पैदा हुए तनाव की वजह से हुआ.
पुलिस ने बताया कि शेषगिरी ने कथित तौर पर महिला के घर के बाहर अरुण पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और कथित तौर पर उसका एक हाथ कट गया.
युवक की हालत गंभीर, आरोपी हुआ फरार
अरुण का पहले स्थानीय अस्पताल में इलाज किया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए उसे मंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसकी हालत गंभीर है. आरोपी हमले के बाद घटनास्थल से फरार हो गया और अभी तक फरार है.
पुलिस ने उसे ढूंढने और गिरफ्तार करने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. बालेहोन्नूर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही अब पूरे मामले का खुलासा होगा. बता दें कि हाल के दिनों में अवैध संबंध की वजह से हत्याओं के कई मामला सामने आ चुके हैं.



