
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में जल्द युवा नीति लाई जाएगी। इसके तहत हर जिले के विश्वविद्यालय और महाविद्यालय में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी।
इन केंद्रों पर UPSC, UPPSC, NEET, JEE समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए फिजिकल और वर्चुअल दोनों तरह की कक्षाएं संचालित होंगी।
डीएमएसपी से लेकर डॉक्टर और इंजीनियर करेंगे मार्गदर्शन
मुख्यमंत्री योगी ने रविवार को सिद्धार्थनगर में 311 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद आयोजित कार्यक्रम में यह घोषणा की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग में विषय विशेषज्ञों के साथ प्रशासनिक सेवाओं और विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी अधिकारी भी युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे।
इसके तहत डीएम, एसपी और एसडीएम के अलावा डॉक्टर, इंजीनियर और बैंक पीओ भी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में पढ़ाएंगे। इससे युवाओं को परीक्षा की तैयारी के साथसाथ करियर को लेकर व्यावहारिक अनुभव और मार्गदर्शन भी मिल सकेगा।
युवा नीति में शिक्षा के साथ स्किलिंग और रोजगार पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि आज का युवा केवल बेहतर शिक्षा ही नहीं चाहता, बल्कि वह स्किलिंग, रोजगार और उद्यमिता के अवसर भी चाहता है। युवाओं को सकारात्मक दिशा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि उग्रवाद, आतंकवाद, उपद्रव और दंगों का सबसे अधिक असर युवाओं पर पड़ता है। ऐसे में युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार से जोड़ना जरूरी है।
12 साल में 17 करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश में 17 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार और नौकरियां मिली हैं। उन्होंने युवाओं को कौशल विकास और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर दिया।
सीएम योगी के अनुसार, देश में 17 हजार से अधिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर और 15 हजार से अधिक आईटीआई संचालित हो रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज और AIIMS की संख्या बढ़ी
सीएम योगी ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र का भी विस्तार हुआ है। उनके मुताबिक, वर्ष 2014 में देश में 431 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या 2025 में बढ़कर 818 हो गई। इसी तरह देश में AIIMS की संख्या भी 7 से बढ़कर 23 हो गई है।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर युवाओं की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश और देश में शासन का पर्याप्त अवसर मिला, लेकिन युवाओं के लिए क्या किया गया, इसका जवाब उन्हें देना चाहिए।
योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश और समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया।
सपा सरकार में नकल संस्कृति पनपने का आरोप
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की बेसिक और माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था बदहाल थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में नकल को बढ़ावा दिया जाता था और सरकारी भर्तियों में वसूली तथा भ्रष्टाचार का सिंडिकेट सक्रिय था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। उनके मुताबिक, पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
ः



