IndiaTrendingUttar Pradesh

दिल्ली में 21 साल की मॉडल की घर में घुसकर हत्या, चाकू से गोदा; आरोपी जिम ट्रेनर इमरान फरार

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में बुधवार रात 21 वर्षीय युवती की उसके घर में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान मुस्कान के रूप में हुई है। वह स्टूडेंट होने के साथ मॉडलिंग भी करती थी। पुलिस को शक है कि वारदात को उसके जिम ट्रेनर इमरान ने अंजाम दिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं।

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्कान बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर स्थित अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। मुस्कान की चीखें सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ हालत में मिली। पड़ोसी उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

एडिशनल डीसीपी गुप्ता ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस वारदात से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है और आरोपी के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा रही है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी और मुस्कान एकदूसरे को कुछ समय से जानते थे। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

मुस्कान के दोस्त अमन ने बताया कि वह तीन बहनों में सबसे छोटी थी। अमन के मुताबिक, चंडीगढ़ में रहने वाली मुस्कान की बड़ी बहन ने उसे फोन कर तुरंत घर पहुंचने के लिए कहा था। उसने बताया कि किसी ने मुस्कान को चाकू मार दिया है।

अमन ने कहा कि उसने तुरंत अपने एक दोस्त को फोन कर घर पहुंचने और मुस्कान को अस्पताल ले जाने के लिए कहा। जब वह मौके पर पहुंचा, तब तक एंबुलेंस मुस्कान को अस्पताल लेकर जा चुकी थी।

अमन ने दावा किया कि मुस्कान की बहनों ने उसे बताया था कि इमरान उसे परेशान करता था और पहले भी ऐसा कर चुका था। इसी वजह से घटना के बाद परिवार और दोस्तों का शक इमरान पर गया। हालांकि, आरोपी के खिलाफ लगाए गए इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply