अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने ग्रुप की सालाना आम बैठक को संबोधित करते हुए विरोधियों और बाहरी चुनौतियों पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हम न कभी रुके, न कभी झुके, मुश्किल समय में भी पूरी मजबूती से खड़े रहे हैं. हमारा ध्यान विवादों या बहस पर नहीं, बल्कि केवल अपने काम और देश के विकास पर है. पिछले कुछ समय में विदेशी शॉर्टसेलर्स के हमलों और तमाम उतारचढ़ावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जो आंधियां हमें आजमाने आई थीं, उन्होंने ही हमारे बुनियादी ढांचे को और अधिक सुदृढ़ व लचीला बना दिया है.

मुश्किलों में अडिग रहने की ताकत
गौतम अडानी ने अपनी मां के संघर्षों और सीख को याद करते हुए कहा कि सच्ची ताकत दृढ़ता में निहित है. विदेशी शॉर्टसेलर्स द्वारा लगाए गए बेबुनियाद आरोपों और हमारी प्रतिष्ठा पर किए गए सुनियोजित हमलों का हमने डटकर मुकाबला किया. हमारे तीन मूल मूल्य—साहस , क्षमता पर विश्वास और उद्देश्य के प्रति प्रतिबद्धता —ने साबित कर दिया कि कोई भी चुनौती अडानी ग्रुप की नींव को कमजोर नहीं कर सकती.
‘वर्कसेंट्रिक’ और ‘लोकल फर्स्ट’ इंम्प्लॉयमेंट स्ट्रेटेजी
चेयरमैन ने कर्मचारियों को देश का निर्माता बताते हुए कहा कि आप केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माता हैं. ग्रुप ने आगामी परियोजनाओं के लिए एक त्रिस्तरीय रोजगार व संगठनात्मक नीति की घोषणा की है. प्रोजेक्ट साइटों पर सबसे पहले पास के स्थानीय समुदायों को, फिर राज्य के युवाओं को और उसके बाद बाहरी उम्मीदवारों को अवसर दिया जाएगा. मुंद्रा और खावड़ा जैसी दूरदराज की साइटों पर 50,000 श्रमिकों के लिए वातानुकूलित आवास और मुंद्रा में एक अत्याधुनिक सेंट्रलाइज्ड क्लाउड किचन बनाया जा रहा है, जो रोजाना 1,00,000 पौष्टिक भोजन परोसेगा.
तीन परतों वाला नया ढांचा
अडानी ग्रुप जैसे बड़े संगठन में त्वरित फैसलों के लिए अब थ्रीलेयर गवर्नेंस मॉडल लागू किया जा रहा है. गौतम अडानी ने बताया कि इससे प्रशासनिक मंजूरी के स्तर कम होंगे और साइटस्तर पर जो फैसले लेने में पहले दिनों का समय लगता था, वे अब कुछ घंटों में पूरे हो सकेंगे.
ग्रीन एनर्जी और मेगा प्रोजेक्ट्स पर बड़ा रोडमैप
खावड़ा रिन्यूएबल पार्क: दुनिया के सबसे कठिन रेगिस्तानों में से एक खावड़ा में स्थापित हो रहा दुनिया का सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी इंस्टॉलेशन वर्तमान में 3,000 मेगावाट क्लीन एनर्जी पैदा कर रहा है. ग्रुप का टारगेट अगले 5 वर्षों में इसकी क्षमता को बढ़ाकर 30 गीगावाट करने का है.
अडानी पोर्ट्स का कीर्तिमान: अडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड के लिए यह साल ऐतिहासिक रहा, जहां कुल 420 एमएमटी कार्गो हैंडलिंग का रिकॉर्ड बनाया गया. इसके साथ ही ग्रुप भारत की आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए 1 MMTPA क्षमता का कॉपर स्मेल्टर प्लांट भी तैयार कर रहा है.
मजबूत वित्तीय स्थिति
सभी आरोपों और आशंकाओं को खारिज करते हुए गौतम अडानी ने ग्रुप के बेहतरीन वित्तीय नतीजों को साझा किया. वित्त वर्ष 202324 में अडानी ग्रुप ने 82,917 करोड़ रुपए का अब तक का सबसे हाइएस्ट एबिटडा दर्ज किया, जो 45 फीसदी की शानदार वृद्धि को दर्शाता है. ग्रुप का टैक्स पश्चात लाभ 71 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 40,129 करोड़ रुपए पर पहुंच गया. वित्तीय मजबूती का प्रमाण देते हुए ग्रुप ने अपने ‘नेट डेटटूएबिटडा’ अनुपात को 3.3x से घटाकर 2.2x के सुरक्षित स्तर पर ला दिया है.
यह भारत का समय है
अपने संबोधन के समापन में गौतम अडानी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक भूराजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच पूरी दुनिया भारत के उदय को देख रही है. भारत वैश्विक स्थिरता, सहयोग और प्रगति की एक बड़ी शक्ति बनकर उभरा है और अडानी समूह देश की लॉजिस्टिक्स, एनर्जी ग्रिड और औद्योगिक रीढ़ को मजबूत करने के अपने संकल्प पर कायम है.



