
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में प्रेम संबंधों को लेकर हुए झगड़े में एक युवक ने युवती को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गई। युवती को तुरंत लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस आरोपी विशाल की तलाश में जुटी है।
मामला गुरुवार शाम का है, जब मऊदरवाजा क्षेत्र के मुहल्ला बीबीगंज बहादुरगंज निवासी विवेक शाक्य की 18 वर्षीय पुत्री सलोनी छत पर बैठी थी। इसी दौरान, मुहल्ला टाउन हाल निवासी युवक वहां पहुंचा और घर में घुसकर छत पर चढ़ गया। उसने तमंचे से युवती पर गोली चला दी, जो दाहिने पैर में लगी। गोली की आवाज सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी युवक वहां से भाग निकला।
घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी अजब सिंह मौके पर पहुंचे और घायल सलोनी को तुरंत डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल ले गए। डॉक्टर दीपक तिवारी ने प्राथमिक उपचार के साथ एक्स-रे किया। सलोनी की मां प्रीति ने बताया कि उनके सामने ही युवक ने गोली चलाई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोली मारने वाले व्यक्ति की पहचान विशाल के रूप में हुई है। विशाल और सलोनी के बीच पहले से मित्रता थी, और उनके बीच बातचीत और घर आना-जाना चलता था। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है। साथ ही, उसके पिता विशंभर कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। क्षेत्राधिकारी सदर अभय वर्मा ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



