
चिक्कबल्लापुर, कर्नाटक: कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद आरोपी ने अपनी सास को फोन कर हत्या की जानकारी दी और फिर खुद पुलिस थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय पद्मा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम चंद्र (34) बताया गया है। यह घटना जिले के ताताहल्ली गांव के बाहरी इलाके में एक बगीचे में हुई।
बात करने के बहाने पत्नी को घर से बाहर ले गया
पुलिस के मुताबिक, पद्मा अपने मायके वाले गांव ताताहल्ली आई हुई थी। इसी दौरान उसका पति चंद्र उससे बातचीत करने के बहाने घर से बाहर ले गया। आरोप है कि गांव के बाहर स्थित एक बगीचे में उसने धारदार हथियार से पद्मा पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
प्रारंभिक जांच में महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से गहरा घाव और शरीर पर चाकू के निशान मिलने की जानकारी सामने आई है।
सास को फोन कर बताई हत्या की बात
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद चंद्र ने अपनी सास नरसम्मा को फोन किया और कहा कि उसने उनकी बेटी पद्मा की हत्या कर दी है। इसके बाद आरोपी गौरीबिदानूर ग्रामीण पुलिस थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के सामने उसने अपना जुर्म कबूल करने की बात भी कही है।
दूसरी ओर, नरसम्मा ने सिदलाघट्टा ग्रामीण पुलिस थाने में बेटी की हत्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई।
दो साल से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद
मृतका की मां के अनुसार, पद्मा और चंद्र के बीच पिछले करीब दो साल से वैवाहिक अनबन चल रही थी। हालांकि, इस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध जानकारी और प



