नई दिल्ली : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में अब तेजी आ गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद गठित विशेष जांच दल ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए आरोपियों के रिश्तेदारों को भी जांच के घेरे में शामिल कर लिया है। मामले से जुड़े करीब 200 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।

डीआईजी सोमेन वर्मा और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर की अगुवाई में एसआईटी सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसी संबंधित पक्षों से पूछताछ के साथसाथ दस्तावेजों का सत्यापन भी कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, अयोध्या के बाहर रहने वाले लोगों को भी जांच के दायरे में लाया गया है, ताकि मामले की हर कड़ी तक पहुंचा जा सके।
इस बीच, मामला संसद तक भी पहुंच गया है। शुक्रवार को पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने संसद परिसर में पुजारी की वेशभूषा पहनकर विरोध प्रदर्शन किया और इस मुद्दे को जोरशोर से उठाया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी वहां पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव ने कहा, “हिंदू धर्म और सनातन पर सिर्फ आरएसएस का अधिकार नहीं है। हिंदू धर्म मेरा है, सनातन मेरा है। हम देश के करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आवाज उठा रहे हैं।”
वहीं, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पप्पू यादव के प्रदर्शन की आलोचना करते हुए उन पर निशाना साधा।



