BiharCrimeIndiaTrending

छह​​​ महीने के पोते की मौत के बाद पड़ोसी के मन में बैठ गया ऐसा शक, मंदिर के बुजुर्ग पुजारी को बना लिया निशाना​​​​​​

छह​​​ महीने के पोते की मौत के बाद पड़ोसी के मन में बैठ गया ऐसा शक, मंदिर के बुजुर्ग पुजारी को बना लिया निशाना​​​​​​

कटिहार, बिहार: बिहार के कटिहार जिले में अंधविश्वास से जुड़ा एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां 70 वर्षीय मंदिर के पुजारी हीरालाल मंडल की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके 65 वर्षीय पड़ोसी अनंतलाल मंडल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शक था कि पुजारी ने तंत्र-मंत्र के जरिए उसके छह महीने के पोते की जान ली थी। इसी शक और गुस्से में उसने अपने दो बेटों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

मंदिर से निकले पुजारी, फिर नहीं लौटे घर

यह मामला कटिहार जिले के बारसोई अनुमंडल के आजमनगर थाना क्षेत्र के खरसोता गांव का है। हीरालाल मंडल गांव के पास स्थित एक मंदिर में रोज पूजा-पाठ करते थे और भजन-कीर्तन में भी हिस्सा लेते थे।

जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर की शाम वह मंदिर से निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अगले दिन यानी 2 नवंबर को गांव के नरकटिया श्मशान घाट में उनका शव एक पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।

शरीर पर मिले धारदार हथियार के निशान

पुजारी के शव पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान मिले थे। इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार एसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

पोते की मौत के बाद पुजारी पर करने लगा था शक

पुलिस जांच में गांव के ही 65 वर्षीय अनंतलाल मंडल का नाम सामने आया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, अनंतलाल के छह महीने के पोते की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार को शक होने लगा था कि पुजारी हीरालाल मंडल तंत्र-मंत्र करते हैं और उन्हीं की वजह से बच्चे की मौत हुई है।

इसी अंधविश्वास और गुस्से में आरोपी ने अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर पुजारी को निशाना बनाने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, तीनों उन्हें मंदिर से श्मशान घाट की ओर ले गए और वहां धारदार चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

आरोपी के घर से माला, बेटे के घर से मिला चाकू

जांच के दौरान पुलिस ने कुछ अहम सामान बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, पुजारी के गले में रहने वाली माला आरोपी के घर के आंगन में तुलसी के पौधे के पास छिपाकर रखी गई थी। वहीं हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू अनंतलाल के बेटे के घर से बरामद हुआ है।

बारसोई के डीएसपी मंगलेश कुमार सिंह के अनुसार, मुख्य आरोपी अनंतलाल मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके दोनों बेटों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Satya Report Disclaimer: यह खबर पुलिस जांच और उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों के आधार पर तैयार की गई है। हत्या के मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। आरोपों और बरामदगी से संबंधित अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही तय होंगे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply