TrendingUttar Pradesh

​अजय राय की चुनौती: ज्ञानेश कुमार BJP के इशारे पर काट रहे गरीबों के वोट, आगरा में फर्जी FIR से डराने की कोशिश-अजय राय

​अजय राय की चुनौती: ज्ञानेश कुमार BJP के इशारे पर काट रहे गरीबों के वोट, आगरा में फर्जी FIR से डराने की कोशिश-अजय राय

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक अहम प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अजय राय ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा को राजनीतिक फायदा पहुंचाने के लिए एक पार्टी कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं और देशभर में गरीबों, झोपड़पट्टी वालों तथा कमजोर वर्ग के लोगों के नाम वोटर लिस्ट से चुनचुनकर काटे जा रहे हैं।

अजय राय ने जननायक और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दिल्ली दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने खुद यमुना किनारे झोपड़पट्टी में रहने वाले 730 लोगों में से 729 लोगों के वोट काटे जाने का मामला सामने लाया है। यह सीधे तौर पर लोकतंत्र और संविधान पर हमला है ताकि भाजपा चुनाव जीतकर सत्ता में बनी रहे।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर फर्जी मुकदमे का आरोप

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि चुनाव आयोग की इस धांधली के खिलाफ कांग्रेस ने देशभर के साथसाथ यूपी के सभी 75 जिलों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। कहीं कोई हिंसा, मारपीट या सरकारी संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन भाजपा सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त को बचाने के लिए दमन पर उतर आई है।

उन्होंने आगरा, कासगंज, सहारनपुर और गोरखपुर में कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों का ब्योरा दिया। आगरा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां कार्यकर्ताओं पर धारा 109 , धारा 121 और धारा 191 समेत 9 संगीन धाराओं में फर्जी केस दर्ज किए गए हैं। अजय राय ने सरकार को खुली चुनौती दी कि अगर उसमें दम है तो वह सीसीटीवी फुटेज जारी करके दिखाए कि कार्यकर्ताओं ने कहां हिंसा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें कानूनी मदद मुहैया कराएगी।

“रिटायर हो जाएं या देश छोड़ दें, छोड़ेंगे नहीं”

अजय राय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बनारस से नरेंद्र मोदी को हार से बचाने के लिए ज्ञानेश कुमार ने घंटों वेबसाइट बंद रखवाई थी। बनारस की जनता इसका हिसाब मांग रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि ज्ञानेश कुमार चाहें रिटायर हो जाएं या देश छोड़कर भाग जाएं, कांग्रेस इस लोकतंत्र विरोधी कृत्य के लिए उन्हें छोड़ेगी नहीं। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग के इस रवैये के खिलाफ महाभियोग लाया जा रहा है और कांग्रेस की सरकार बनते ही 2023 में बनाए गए इस काले कानून को बदला जाएगा।

एआईसीसी प्रवक्ता अभय दुबे ने केरल का जिक्र करते हुए चुनाव सुधार और मतदाता सूची में गड़बड़ी पर सवालों के जवाब दिए, वहीं पूर्व मंत्री डॉ. सी.पी. राय ने सरकार को पूरी तरह अलोकतांत्रिक बताया। इस मौके पर कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन कुंवर सिंह निषाद, वाइस चेयरमैन प्रियंका गुप्ता, संजीव कुमार सिंह, प्रवक्ता डॉ. अलीमुल्ला खान, सिद्धिश्री, मान सिंह चौहान, अमर हबीबुल्लाह, जिलाध्यक्ष रूद्रदमन सिंह बबलू और नितिन शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply