
लखनऊ, अमृत विचार: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अब लोहिया ट्रस्ट की कमान भी संभालेंगे। अब तक ट्रस्ट की जिम्मेदारी उनके चाचा और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव के पास थी। शिवपाल से ट्रस्ट की जिम्मेदारी लिए जाने के फैसले पर भाजपा और सहयोगी दलों के नेताओं ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने इसे लेकर अखिलेश की राजनीतिक शैली पर सवाल उठाए हैं।
ओपी राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को शिवपाल यादव पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि शिवपाल पहले अखिलेश से अलग होकर अपनी पार्टी बना चुके हैं और उस दौरान सपा नेतृत्व पर तीखी टिप्पणियां भी की थीं। राजभर के मुताबिक, पुराने राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए अखिलेश का शिवपाल पर भरोसा करना मुश्किल है। इसी वजह से लोहिया ट्रस्ट की जिम्मेदारी अब उन्होंने खुद संभाली है।
नरेंद्र कश्यप बोले परिवार तक सीमित है जिम्मेदारी
पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने कहा कि ट्रस्ट की जिम्मेदारी शिवपाल से अखिलेश के पास जाना अपने आप में बड़ा बदलाव नहीं है, क्योंकि इसकी कमान अब भी परिवार के भीतर ही है। उन्होंने कहा कि किसी संस्था की जिम्मेदारी परिवार के सदस्यों तक सीमित रहना लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं कहा जा सकता।
नरेंद्र कश्यप ने यह भी कहा कि संभव है अखिलेश यादव को आशंका रही हो कि भविष्य में शिवपाल अपनी शर्तों या अपने तरीके से ट्रस्ट चलाएं, इसलिए उन्होंने खुद इसकी जिम्मेदारी संभाल ली।


