
लखनऊ, अमृत विचार: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय से जुड़े छात्रों को अब छोटेछोटे कामों के लिए विश्वविद्यालय या कॉलेज के चक्कर नहीं लगाने होंगे। विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन फेसलेस स्टूडेंट सिस्टम पोर्टल शुरू किया है। पहले दिन करीब 300 छात्रों ने परीक्षा समेत अन्य कार्यों से संबंधित आवेदन ऑनलाइन दर्ज कराए, जिनका निस्तारण किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय से प्रदेशभर के 750 से अधिक संस्थान जुड़े हैं। परीक्षा, रिजल्ट में सुधार, अंकपत्र अपडेट कराने और डिग्री से जुड़े कार्यों के लिए छात्रों को लखनऊ या नोएडा परिसर आना पड़ता था। दूरदराज के जिलों से आने वाले छात्रों का समय और पैसा दोनों खर्च होते थे। नई व्यवस्था के तहत छात्र ईआरपी के फेसलेस स्टूडेंट सिस्टम पोर्टल पर अपनी समस्या और संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें एक विशिष्ट शिकायत नंबर मिलेगा, जिससे वे अपने आवेदन की प्रगति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। आवेदन संबंधित विभाग को ऑनलाइन भेजा जाएगा। दस्तावेज अधूरे होने पर छात्र को पोर्टल के माध्यम से इसकी सूचना दी जाएगी।
वाट्सएप पर मिलेगी जरूरी सूचना विश्वविद्यालय ने छात्रों और शिक्षकों को वाट्सएप से भी जोड़ना शुरू किया है। प्लेसमेंट ड्राइव, रिजल्ट समेत अन्य सूचनाएं संबंधित पाठ्यक्रम और शैक्षणिक सत्र के छात्रों को सीधे वाट्सएप पर भेजी जाएंगी।
छात्रों ने सराहा
मिर्जापुर से माइग्रेशन के लिए आईं छात्रा आंचल द्विवेदी ने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था से छात्रों को काफी सहूलियत होगी और वे अपने कार्य की प्रगति भी देख सकेंगे। आगरा से आए बीटेक छात्र प्रद्युम्न तिवारी ने कहा कि इस व्यवस्था से लाखों छात्रों को फायदा मिलेगा।
ः
ः


