राजस्थान के अलवर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक महिला ने खुद अपने ही हाथें सगे बेटेबेटी की हत्या कर दी. बच्चों के चीखने के बाद महिला की बहन बचाने आई तो उसे भी कैंची घोंप दिया. इसके बाद महिला ने खुद का गला रेत डाला. चीख पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने चारों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आरोपी महिला और उसके दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया है. वहीं गंभीर रूप से जख्मी उसकी बहन की हालत को देखते हॉयर सेंटर के लिए रेफर किया है.

यह खौफनाक वारदात अलवर के खेड़ली की है. सूचना मिलने पर पहुंची खेड़ली थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी महिला मानसिक तौर पर बीमार थी. हालांकि वारदात की असली वजह का खुलासा उसकी बहन का बयान सामने आने के बाद ही हो सकेगा.
बंद कमरे में मौत का तांडव
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय उषा पत्नी अमित, 3 साल की बेटी रीतिका और 4 साल का बेटा मुकुल के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक महिला ऊषा के दोनों बच्चे रीतिका और मुकुल घर के बाहर खेल रहे थे. इन दोनों को ऊषा पकड़कर कमरे में ले गई और धारदार हथियार से वारकर दोनों की हत्या कर दी. बच्चों की चीखें सुनकर ऊषा की बहन मनीषा आई तो महिला ने उसके ऊपर कैंची से वार किया. इसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई. इसके बाद ऊषा ने उसी कैंची से अपने गले पर वार कर सुसाइड कर लिया.
एक ही घर में हुई थी दो बहनों की शादी
पुलिस के मुताबिक ऊषा और मनीषा सगी बहनें हैं. इन दोनों की शादी खेड़ली में रहने वाले दो सगे भाइयों से हुई है. ऊषा का पति गुजरात की किसी कंपनी में नौकरी करता है. वहीं मनीषा का पति जयपुर स्थित किसी नर्सिंग होम में काम करता है. बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त घर में ऊषा, मनीषा और दोनों बच्चों के अलावा और कोई नहीं था. ऊषा के ससुर बृजभूषण शर्मा ने बताया कि गांव में चुनाव के दौरान वह एक प्रत्याशी के प्रचार के लिए गए थे. वहीं ऊषा की सास और ननद मनीषा के दोनों बच्चों को लेकर खेत में गईं थी.
वारदात का कारण साफ नहीं
पुलिस के मुताबिक अभी तक वारदात का कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है. प्राथमिक जांच में ऊषा के मानसिक रूप से परेशान रहने की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक वारदात के कारणों का पता लगाने के लिए परिवार के लोगों के अलावा पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.



