
लखनऊ, अमृत विचार: पत्नी की हत्या करने के बाद पसीने से तरबतर मानस बाजपेयी हुसड़िया स्थित घर पहुंचा। वह कमरे में पहुंचा और टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा लगा दिया। इसके बाद पिस्टल से बहन तुलिका उर्फ सीबा के सिर में गोली मारी। वहीं, खुद कनपटी पर सटाकर गोली मार लिया। जब पड़ोसी अंकुर व मकान में किराये पर रेस्टोरेंट चलाने वाले लवकुश कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर गये तो भाईबहन खून से लथपथ पड़े थे। दोनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भाईबहन को लोहिया अस्पताल भेजा।
पड़ोसी अंकुर प्रकाश ने बताया कि जैसे ही उन्होंने वॉट्सऐप स्टेटस देखा, वह दौड़कर उनके घर पहुंचे। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। अंदर टीवी चल रहा था। इसके बाद दरवाजा जोर लगाकर खोला गया। अंदर दोनों भाईबहन मृत पड़े थे। टीवी पर हनुमान चालीसा चल रही थी। अंकुर ने बताया कि दोनों जब भी मिलते थे, अच्छे से बात करते थे। उनके मातापिता की मौत हो चुकी है। उनकी बहन करीब 29 वर्ष की थी। वह मानसिक रूप से बीमार थी। पिछले कुछ महीनों से उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी।
मानस जिस मकान में रहता था उसी में फास्ट फूड की दुकान है। दुकान संचालक लवकुश के मुताबिक करीब 12:30 बजे मानस अचानक वहां आए। वह पसीने से तरबतर थे। अंदर जाने के बाद उन्होंने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद अंदर से आवाज आई। मानस की बहन भी उनके साथ रहती थी। इसके बाद पता चला कि मानस ने बहन को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। लवकुश ने बताया कि उसे इससे ज्यादा जानकारी नहीं है। मानस के मातापिता नहीं हैं और वह एसबीआई बैंक में काम करता था।
बैंक के सामने मिला खोखा
आईसीआईसीआई बैंक के सामने दिन दहाड़े महिला बैंक मैनेजर की हत्या की जानकारी हुई तो डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा, एडीसीपी पूर्व अमोल मुरकुट और एसीपी गोमतीनगर रत्नेश सिंह मौके पर पहुंचे। घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। मौके से पुलिस ने एक खोखा बरामद किया। डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने इसकी पुष्टि की। बताया कि फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली गई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पांच वर्ष से अलग रहते थे दोनों
दिव्या के रिश्ते में भाई मयंक दीक्षित ने बताया कि दोपहर करीब 12.30 बजे बैंक के सामने दिव्या को गोली मार दी। उसने स्टेटस लगाया था कि उनकी बहन प्रज्ञा मिश्रा व उनके पति भरत को इसकी पूरी जानकारी हैं। हालांकि ऐसी कोई जानकारी प्रज्ञा व भरत को नहीं थी। दोनों की शादी करीब दस वर्ष हो चुके थे। दिव्या करीब पांच वर्ष से अलग रहती थी। एक वर्ष पूर्व मानस ने तलाक के लिए कोर्ट अर्जी डाली थी। मानस की बहन मानसिक रुप से बीमार रहती थी। वह अपने घर जाकर उसकी हत्या की और खुद को गोली मार ली।
पहले से तय कर चुका था मानस
पुलिस के मुताबिक घटना की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। अभी तक जांच में जो सामने आया कि मानस ने वारदात की पूरी तैयारी कर ली थी। वह पत्नी दिव्या मिश्रा के बैंक गया। जहां उसे मारने के लिए दो असलहे निकाले। एक पिस्टल के बट से उसके सिर पर वार किया। इसके बाद दूसरे से गोली मार दी। वहीं, सीधे घर पहुंचा। वहां पिस्टल से गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन फंस गई। जिसके बाद दूसरे पिस्टल से बहन की हत्या की। उसी खुद को गोली मारी। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल और एक तमंचा बरामद किया है। उसे बैलिस्टिक जांच के लिए भेज दिया है।
ऑटो से आया हत्याकर ईरिक्शा से भागा
पुलिस के मुताबिक आरोपी मानस बाजपेयी पत्नी दिव्या की हत्या करने एक ऑटो से आईसीआईसीआई बैंक के मिठाईवाला चौराहा शाखा पहुंचा था। वहां उसकी हत्या की। इसके बाद पास में खड़े ईरिक्शा पर बैठकर हुसड़िया अपने घर गया। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज के जरिये ऑटो व ईरिक्शा चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों से पूछताछ की जाएगी। ताकि घटना की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सके।
ः



