BusinessIndia

अमिताभ बच्चन ने शेयर बाजार से 1 दिन में कमाए 1.64 करोड़ रुपये, इस छोटे शेयर ने कराया बड़ा मुनाफा

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन सिर्फ पर्दे पर ही नहीं, बल्कि शेयर बाजार की पिच पर भी शानदार पारी खेल रहे हैं. मंगलवार का दिन उनके पोर्टफोलियो के लिए बेहद मुनाफे वाला साबित हुआ. दिग्गज अभिनेता ने प्लास्टिक पाइप तथा स्टील वायर बनाने वाली कंपनी डीपी वायर्स के शेयरों में तगड़ी इंट्राडे ट्रेडिंग की. 23 जून को हुए इस कारोबारी दांव में उन्होंने महज कुछ ही घंटों के भीतर 1.64 करोड़ रुपये की शानदार कमाई कर ली. इस भारीभरकम ट्रेडिंग की खबर बाहर आते ही डीपी वायर्स के शेयरों में भी हलचल तेज हो गई. बीएसई पर यह शेयर 4.42 फीसदी की शानदार तेजी दिखाते हुए 212.60 रुपये के स्तर पर जा पहुंचा. कारोबारी सत्र के दौरान तो एक वक्त ऐसा भी आया जब यह स्टॉक 7.12 प्रतिशत की छलांग लगाकर 218.10 रुपये के ऊपरी स्तर को छू गया.

अमिताभ बच्चन ने शेयर बाजार से 1 दिन में कमाए 1.64 करोड़ रुपये, इस छोटे शेयर ने कराया बड़ा मुनाफा

किस भाव पर हुई खरीदारीबिक्री

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के बल्क डील डेटा पर नजर डालें तो पूरी तस्वीर साफ हो जाती है. अमिताभ बच्चन ने डीपी वायर्स के 41,566 शेयरों की 199.90 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदारी की. वहीं, मुनाफावसूली करते हुए उन्होंने 200.84 रुपये के भाव पर अपने 1,23,622 शेयर बाजार में बेच दिए. इस पूरी गणित को समझें तो उन्होंने कुल 82,056 शेयरों की नेट सेलिंग की. इसी अंतर ने उन्हें एक झटके में 1.64 करोड़ रुपये का मुनाफा दे दिया. दिलचस्प बात यह है कि इस कंपनी पर उनका भरोसा नया नहीं है. मार्च 2026 में खत्म हुई तिमाही के शेयरहोल्डिंग आंकड़ों के अनुसार, उनके पोर्टफोलियो में पहले से ही डीपी वायर्स के 3,27,590 शेयर मौजूद थे, जो कंपनी की कुल 2.11 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर बैठते हैं.

आम निवेशकों का कंपनी पर भरोसा

किसी भी शेयर की मजबूती का आकलन उसमें मौजूद खुदरा निवेशकों के भरोसे से भी किया जाता है. डीपी वायर्स के शेयरहोल्डिंग पैटर्न को देखें तो इसमें आम पब्लिक की हिस्सेदारी 25.22 प्रतिशत है. ध्यान देने वाली बात यह है कि इस हिस्से में बड़े म्यूचुअल फंड या बीमा कंपनियों का पैसा शामिल नहीं है. बाजार में दो लाख रुपये तक की पूंजी लगाने वाले करीब 20,979 छोटे निवेशकों ने इस कंपनी के 28,87,608 शेयर अपने डीमैट खातों में रखे हुए हैं. यह आंकड़ा कंपनी की कुल हिस्सेदारी का 18.63 प्रतिशत है, जो दिखाता है कि रिटेल निवेशकों का भी इस स्टॉक पर अच्छा खासा भरोसा कायम है.

कैसा रहा है शेयरों का पुराना रिकॉर्ड

अगर हम कंपनी की वित्तीय सेहत की बात करें, तो वित्त वर्ष 2026 की आखिरी तिमाही के नतीजे काफी मिलेजुले रहे हैं. मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 6.28 फीसदी गिरकर 129.01 करोड़ रुपये पर आ गया. हालांकि, दूसरी तरफ शुद्ध मुनाफे ने लंबी छलांग लगाई है. नेट प्रॉफिट 132.60 फीसदी बढ़कर 9.39 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया. बाजार में इस शेयर ने अपने निवेशकों को काफी उतारचढ़ाव दिखाए हैं. पिछले साल 8 सितंबर 2025 को यह स्टॉक 306.10 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर था. लेकिन इसके बाद के 6 महीनों में इसमें भारी बिकवाली देखने को मिली. 2 मार्च 2026 तक यह शेयर अपने ऊपरी स्तर से 60.14 फीसदी टूटकर 122 रुपये के निचले स्तर पर आ गिरा था.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply