
Image social media
दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन को अयोध्या में जमीन खरीदने वाले पहले सेलिब्रिटी के तौर पर देखा जाता है। उन्होंने जनवरी 2024 में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले ‘द सरयू’ प्रोजेक्ट में 10 हजार वर्ग फुट का पहला प्लॉट खरीदा था। इसके बाद से वह अयोध्या में अपनी प्रॉपर्टी बढ़ाते रहे हैं। हाल ही में अभिनंदन लोढ़ा ने एक इंटरव्यू में बताया कि जमीन खरीदने के लिए अमिताभ बच्चन ने खुद उन्हें फोन किया था।
रात के 3 बजे किया था अमिताभ ने फोन
हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए लोढ़ा ने बताया कि वह 2023 में ऑस्ट्रेलिया में थे, जब बच्चन ने उनसे रात करीब 3 बजे संपर्क किया। उन्होंने कहा, “कुछ मिस्ड कॉल आए और उसके बाद एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि मैं अमिताभ बच्चन हूं, जब सुविधा हो तब कॉल बैक करें। मैं सचमुच खड़ा हुआ और उन्हें वापस कॉल किया।”
यह भी पढ़ें: जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा से ठगी मामले में मुख्य आरोपी महेश पाटिल अब भी फरार, क्राइम ब्रांच ने जारी किया LOC
इसके आगे उन्होंने कहा, “बिग बी ने मुझसे कहा कि अभिनंदन जी, मैं यूपी से हूं और मुझे अयोध्या जी में जमीन लेनी है। फिर मैंने उनसे कहा कि हम यह आपके लिए कर देंगे।” बता दें कि अमिताभ बच्चन का होमटाउन उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ही है।
एक दिन के अंदर भेज दिए 15 करोड़ रुपये
लोढ़ा ने आगे बताया कि कैसे अमिताभ बच्चन ने डील की कीमत तय की और एक दिन के अंदर पैसे भेज दिए। लोढ़ा ने कहा, “बच्चन साहब ने सबसे पहले उनसे कीमत पूछी। उन्होंने मुझे बताया कि वह 15,000 वर्ग फुट जमीन खरीदना चाहते हैं और मैंने उनसे कहा कि इसकी कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये हो सकती है और अगले ही दिन उन्होंने मुझे 15 करोड़ रुपये भेज दिए।”
रियल एस्टेट पोर्टफोलियो का किया विस्तार
अमिताभ ने अयोध्या में अपने रियल एस्टेट पोर्टफोलियो का काफी विस्तार किया है। ‘द सरयू’ प्रोजेक्ट में अपनी पहली खरीद के बाद, अभिनेता ने राम मंदिर से मुश्किल से 10 किलोमीटर दूर अपने पिता के ‘हरिवंश राय बच्चन मेमोरियल ट्रस्ट’ के तहत 54,454 वर्ग फुट का एक प्लॉट खरीदा। फिर मार्च 2026 में उन्होंने तिहुरा माझा इलाके में 35 करोड़ की कीमत वाली 2.67 एकड़ जमीन की डील भी पक्की की।
अमिताभ के अलावा रणबीर के पास भी अयोध्या में जमीन
अमिताभ बच्चन के अलावा रणबीर कपूर के पास भी अयोध्या में ज़मीन का एक टुकड़ा है। एक्टर ने अयोध्या में रियल एस्टेट प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ में जमीन का एक प्लॉट खरीदने के लिए निवेश किया था। 2,134 वर्ग फुट के इस प्लॉट के लिए यह सौदा लगभग 3.31 करोड़ रुपये का हुआ था।



