मेगास्टार अमिताभ बच्चन सिर्फ फिल्मों या अपने रियेलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के साथसाथ सोशल मीडिया के जरिए भी अपने फैंस से जुड़े रहते हैं। आए दिन बिग बी किसी ना किसी मुद्दे पर पोस्ट शेयर करते रहते हैं। खासतौर पर बढ़ती उम्र, जिंदगी की अनिश्तिताओं और समस्याओं को लेकर अपने मन की बात रखने से जरा भी परहेज नहीं करते। लेकिन, अब उन्होंने जो पोस्ट साझा किया है उसे लेकर वह ट्रोल्स से घिर गए हैं। अमिताभ बच्चन ने हाल ही में X पर पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने हीरे के मंहगे होने की वजह बताई है। अपने इस पोस्ट को लेकर अब वह ट्रोल्स से घिर गए हैं।

अमिताभ बच्चन का नया पोस्ट
अमिताभ बच्चन ने अपने एक्स पर साझा किए अपने नए पोस्ट में बताया है कि आखिर हीरा महंगा क्यों मिलता है। उन्होंने रात 2 बजकर 12 मिनट पर किए अपने पोस्ट में लिखा ‘हीरा इस लिए महंगा नहीं क्यूंकि वो दुर्लभ और असामान्य है, वो मंहगा इस लिए है क्यूंकि उसे खोजना बहुत कठिन है।’ जैसे ही बिग बी ने ये पोस्ट साझा किया, देखते ही देखते वायरल हो गया और नेटिजंस ने उन्हें निशाने पर लेना शुरू कर दिया। कई इस पोस्ट को देखकर बिफर गए और पूछने लगे कि उन्होंने NEET पेपर लीक मामले और छात्रों की खुदकुशी पर चुप्पी क्यों साध रखी है।
अमिताभ बच्चन के पोस्ट पर भड़के यूजर्स
अमिताभ बच्चन का ये पोस्ट देखकर सोशल मीडिया यूजर्स नाराज हो गए और सवाल उठाने लगे कि इन फालतू चीजों पर लिखने की जगह वह असल मुद्दों पर बात क्यों नहीं करते। कई ने पूछा कि आखिर अब तक उन्होंने नीट पेपर लीक मामले पर कुछ क्यों नहीं कहा और न ही छात्रों की खुदकुशी या पेट्रोलडीजल के बढ़ते दामों पर कोई रिएक्शन क्यों नहीं दिया।
बिग बी के पोस्ट पर यूजर्स के रिएक्शन
इस पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए एक यूजर ने लिखा ‘सर, हीरे की ही तरह जिंदगी भी कीमती है। NEET पेपर लीक के बाद अब तक 6 बच्चे खुदकुशी कर चुके हैं और आपने उनके लिए अब तक एक शब्द भी नहीं बोला। अफसोस होता है कि फिल्मों में अन्याय न सहने वाले किरदार करने के बाद भी आप बच्चों, युवाओं पर हो रहे अन्याय पर चुप हैं। उम्मीद है सर, आप रिप्लाई देंगे।’ एक अन्य ने लिखा ‘हीरे इसलिए कीमती नहीं होते क्योंकि वो रेयर होते हैं, बल्कि इसलिए कीमती होते हैं क्योंकि मूर्ख हर जगह होते हैं। किसी ने बचपन में हमें देश का भविष्य कहा था, लेकिन पता चला कि मैं तो दूसरा पत्थर निकला।’ एक और लिखता है ‘पेट्रोल भी बहुत महंगा है, लेकिन आप बोलते ही नहीं।’
हीरे वाले ट्वीट से पहले लिखा ब्लॉग
अमिताभ बच्चन ने एक्स पर शेयर किए ट्वीट से कुछ मिनट पहले ही एक ब्लॉग भी लिखा था, जिसमें उन्होंने प्रेरणा देने वाले विचारकों के बारे में बात की। उनका ये पोस्ट भी काफी चर्चा में रहा। अब सोशल मीडिया पर बिग बी के पोस्ट सुर्खियों में हैं, जिसे देखने के बाद ज्यादातर यूजर यही सवाल कर रहे हैं कि वह वर्तमान मुद्दों पर खुलकर बात क्यों नहीं कर रहे हैं।
ः



