
झारखंड के पलामू जिले से लापता हुई तीन नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने बिहार के गोपालगंज से सकुशल बरामद कर लिया है। तीनों लड़कियां 24 सितंबर को मेदिनीनगर के टाउन थाना क्षेत्र से लापता हुई थीं। पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए उनकी लोकेशन का पता लगाया और एक विशेष टीम भेजकर उन्हें गोपालगंज से बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, तीनों लड़कियां गोपालगंज के नेपाल सीमा से सटे इलाके में मजदूरी कर रही थीं। फिलहाल उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे घर से निकलने के बाद गोपालगंज तक कैसे पहुंचीं।
गांधी पार्क घूमने के बाद घर लौटी थीं
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि घटना से पहले तीनों लड़कियां मेदिनीनगर के गांधी पार्क घूमने गई थीं। वहां से वे वापस अपने घर पहुंचीं।
परिजनों ने उन्हें डांट दिया। पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर तीनों घर से निकल गईं। इसके बाद वे झारखंड से बिहार के गोपालगंज पहुंच गईं।
घरवालों को थी अपहरण की आशंका
तीनों के अचानक लापता होने के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेदिनीनगर टाउन थाने में अपहरण का केस दर्ज किया गया और पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से संभावित लोकेशन का पता लगाया। इसी क्रम में लड़कियों के गोपालगंज में होने की जानकारी मिली।
विशेष टीम गोपालगंज पहुंची
लोकेशन की जानकारी मिलने के बाद मेदिनीनगर टाउन थाना पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की और उसे गोपालगंज भेजा गया।
स्थानीय स्तर पर जांच और कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीनों नाबालिगों को नेपाल सीमा से सटे इलाके से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, बरामद लड़कियों में से दो आपस में चचेरी बहनें हैं।
अब पुलिस खंगाल रही पूरा घटनाक्रम
पलामू के एसपी कपिल चौधरी के अनुसार, तीनों नाबालिगों को बरामद कर लिया गया है। उनके लापता होने को लेकर अपहरण का मामला दर्ज किया गया था।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों लड़कियां मेदिनीनगर से गोपालगंज तक किस तरह पहुंचीं, इस दौरान किन लोगों के संपर्क में रहीं और वहां मजदूरी तक कैसे पहुंचीं।
पुलिस तीनों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



